अशोकनगर के बहरिया गांव में रविवार को 32 वर्षीय कलाबाई आदिवासी ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगा ली। महिला की आत्महत्या के बाद कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें उसका पति जगदीश आदिवासी उसे पीटते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो घटना से एक दिन पहले का बताया जा रहा है, जिसमें वह महिला को अपशब्द भी कह रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पति जगदीश महिला को तब तक पीटता रहा जब तक उसकी हालत बिगड़ नहीं गई। वीडियो के आधार पर पुलिस ने पति जगदीश आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया है। शराब पीकर रोज करता था मारपीट पति की बेरहमी से की गई मारपीट के कारण महिला के चेहरे पर चोटें आईं और वह बुरी तरह सूज गया था। पोस्टमार्टम के दौरान भी मृतका कलाबाई के चेहरे पर चोट और भारी सूजन के निशान मौजूद मिले हैं। पुलिस की विवेचना के अनुसार, आरोपी जगदीश शराब पीकर आए दिन पत्नी से गाली-गलौज और मारपीट करता था। मजदूरी करने बांसखेड़ी से आए थे बहरिया यह दंपति मूल रूप से बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी गांव के रहने वाले हैं। वे पिछले कुछ महीनों से मजदूरी करने के लिए देहात थाना क्षेत्र के बहरिया गांव में आकर रह रहे थे। रोज-रोज की इसी मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर 32 वर्षीय कलाबाई ने यह कदम उठाया। 4 बच्चों के सामने खड़ा हुआ संकट पुलिस ने वीडियो और जांच के आधार पर आरोपी पति जगदीश को गिरफ्तार कर प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। इस दंपति के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र अभी काफी कम है। मां की मौत और पिता के जेल जाने से इन चारों बच्चों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है।
Source link