स्पोर्ट्स डेस्क3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
न्यूजीलैंड ने दूसरे टी-20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 68 रन से हराकर सीरीज में वापसी कर ली है। इस जीत के साथ ही 5 मैचों की सीरीज अब 1-1 से बराबरी पर आ गई है। पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने कीवियों को 91 रन पर ऑलआउट कर जीत हासिल की थी। सीरीज का तीसरा मैच 20 मार्च को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
मंगलवार को हैमिल्टन में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 15.3 ओवर में 107 रन पर ऑलआउट हो गई।
डेवोन कॉन्वे ने 60 रन बनाए न्यूजीलैंड के लिए टॉम लैथम ने पारी की शुरुआत की, लेकिन वह सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टिम रॉबिन्सन 1, निक केली 21, कप्तान मिचेल सैंटनर 20 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दूसरे ओपनर डेवोन कॉन्वे ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 49 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। इसके बाद आखिरी में कोल मैकॉन्ची और जोश क्लार्कसन ने टीम को 175 रन तक पहुंचा दिया। क्लार्कसन ने 9 बॉल पर नाबाद 26 रन बनाए।

कीवी ओपनर डेवोन कॉन्वे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
साउथ अफ्रीका के लिए ब्योर्न फोर्टुइन ने 2 विकेट लिए। जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, ब्योर्न हैंड्रिक्स और ओटनील बार्टमैन को 1-1 विकेट मिला।
साउथ अफ्रीका 107 रन पर ऑलआउट 176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। 67 के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। जॉर्ज लिंडे ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, जबकि 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 15.3 ओवर में 107 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड के लिए बेन सियर्स और लॉकी फर्ग्यूसन ने 3-3 विकेट झटके। इसके अलावा मिचेल सैंटनर ने 2 विकेट लिए। कोल मैकॉन्ची और जिमी नीशम ने 1-1 विकेट मिला।
———————————————————-
साउथ अफ्रीका के न्यूजीलैंड दौरे की यह खबर भी पढ़िए…
साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया, डेब्यू कर रहे मोकोएना को 3 विकेट

साउथ अफ्रीका ने पहले टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इसके साथ प्रोटियाज टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया। पढ़ें पूरी खबर
