Last Updated:
Bhopal News: भोपाल गोलीकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है, जब घटना के मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ गेट को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उसके पास से पिस्टल भी बरामद की है. आरोपी महाराष्ट्र के जलगांव से पुलिस के हत्थे चढ़ा है.
भोपाल गोलीकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे
Bhopal News: भोपाल के अशोका गार्डन में कुख्यात लल्लू रईस के घर पर शनिवार तड़के 8-10 बदमाशों ने फायरिंग की थी. इसमें उसके बेटे इमरान के पैर में गोली लग गई और बाद में उसे आन्नन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया. बताया गया कि यह गैंगवार पुरानी रंजिश की वजह से हुआ. अब पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है, जब घटना के मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ ‘गेट’ को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस कमिश्नर पहले ही शादाब पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित कर चुके थे.
पिस्टल के साथ गिरफ्तार हुआ शादाब कुरैशी
भोपाल गोलीकांड का मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ ‘गेट’ पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. महाराष्ट्र के जलगांव जिले की भुसावल पुलिस ने रोड चेकिंग के दौरान उसे पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ भुसावल पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अब भोपाल पुलिस भी बरामद पिस्टल की जांच करेगी. वारदात में सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल का इस्तेमाल हुआ था..
पुलिस कर रही उसकी संपत्ति की जांच
शादाब कुरैशी के पूरे नेटवर्क, उसकी संपत्ति और पैसों के सोर्स का पुलिस जांच कर रही है और इस मामले में कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. बताया जा रहा है कि शादाब कुरैशी उर्फ गेट ऐशो आराम की जिंदगी जीता था.
पांच आरोपी अभी चल रहे फरार
भोपाल गोलीकांड में पांच अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं. इनमें अनस, अल्लू परवेज, साहब, मौलाना शाहजेद गेट और गुड्डू स्टेशन शामिल हैं. क्राइम ब्रांच और पांच थानों की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई है. कई जगह के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहा हैं.
क्या था पूरा मामला
हिस्ट्रीशीटर लल्लू रईस के 19 साल के बेटे इमरान को शादाब कुरैशी ने अपने साथियों के साथ उस समय घेरा था, जब वह चाय की दुकान से लौट रहा था. एक गोली उसकी कनपटी से निकल गई. बाद में जब इमरान भागते-भागते घर पहुंचा, तो उसके पैर भी गोली लग गई. आरोपियों ने फिर हमादिया अस्पताल में भी फायरिंग की, जहां इमरान भर्ती था.