सिंगरौली जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह हुआ। चितरंगी और बिलौजी सहित अन्य स्थानों पर हुए इन आयोजनों में कुल 163 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। चितरंगी में 93 जोड़ों ने लिए सात फेरे चितरंगी के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में 93 जोड़ों का विवाह हुआ। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है, जिससे अब अभिभावकों को बेटियों की शादी के खर्च की चिंता नहीं सताती। बिलौजी और अन्य क्षेत्रों में भी हुए विवाह अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में आयोजित दूसरे बड़े समारोह में 70 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। इसके अलावा देवसर, बरगवां और सरई में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां 24 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। समारोह के दौरान स्थानीय विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। सामूहिक भोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए समारोह में आए वर-वधु पक्ष के मेहमानों के लिए प्रशासन द्वारा भोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई थी। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए सामाजिक और आर्थिक संबल के रूप में देखी जा रही है।
Source link