चौकी प्रभारी पर धमकी, समझौते का दबाव बनाने के आरोप: नाबालिग बेटी के अपहरण केस में पीड़ित परिवार ने की शिकायत – datia News

चौकी प्रभारी पर धमकी, समझौते का दबाव बनाने के आरोप:  नाबालिग बेटी के अपहरण केस में पीड़ित परिवार ने की शिकायत – datia News




दतिया के भाण्डेर थाना क्षेत्र बिछौंदना चौकी में एक नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार सैकड़ों लोगों के साथ बुधवार दोपहर एसपी दफ्तर पहुंचा और चौकी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने आरोपी के पक्ष में दबाव बनाते हुए जबरन राजीनामा कराने की कोशिश की और मना करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। ग्राम आदिवासी परिवारों ने दिए शिकायती आवेदन में बताया कि 11 मार्च 2026 की शाम उनकी 17 वर्षीय बेटी भाण्डेर कस्बे के गद्दीपुर मोहल्ला निवासी कल्लू कुशवाह बहला-फुसलाकर ले गया। मामले की रिपोर्ट 12 मार्च को थाना भाण्डेर में दर्ज कराई गई थी। समझौता करने का दबाव बनाने के आरोप
पीड़िता की मां का आरोप है कि इसके बाद बिछौंदना चौकी प्रभारी एसआई महेश यादव ने उन्हें राजीनामा करने के लिए दबाव बनाया। जब उन्होंने इंकार किया और बेटी को सकुशल वापस लाने व आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, तो अधिकारी ने कथित रूप से अपशब्द कहे और गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि 17 मार्च को थाने बुलाकर फिर से समझौते के लिए दबाव बनाया गया। मना करने पर महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी आरोपी पक्ष से मिला हुआ है, जिससे उनके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। परिवार एसपी से शिकायत करने पहुंचा
पीड़िता की मां ने पुलिस एसपी से मांग की है कि उनकी नाबालिग बेटी को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराकर उन्हें सौंपा जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।



Source link