Last Updated:
मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल में धमकी भरे मेल मिलने की वजह से हड़कंप मचा हुआ है. भोपाल में अटल बिहारी हिंदी विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसके बाद इंदौर में संभागायुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय में भी ऐसा मेल आया. पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया गया और उन्हें कुछ नहीं मिला है.
मध्य प्रदेश के कई शहरों में बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल (AI तस्वीर)
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे
भोपाल में उस समय कोहराम मच गया, जब जेके अस्पताल और जेके यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी मिली. अब इसके बाद अटल बिहारी हिंदी विश्वविद्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. विश्वविद्यालय के मेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया. इसके बाद तुरंत ही आनन-फानन में पूरा विश्वविद्यालय खाली करवाया गया. कुलगुरु डॉ. देवानंद हिंडोलिया ने धमकी मिलने की पुष्टि की है. अब एक ही दिन में भोपाल की 2 यूनिवर्सिटी को धमकी भरे मेल मिलने से हड़कंप मच गया है.
विश्विद्यालय के परिसर को करवाया गया खाली
अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलते ही कुलगुरु के निर्देश के बाद परिसर को खाली करवाया गया. इस संबंध में प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दे दी गई है.
वाणिज्य कर विभाग को भी बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल आया है. इससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई और उन्हें तुरंत विभाग से बाहर निकाला गया और फिर तलाशी अभियान चलाया गया.
क्या बोले भाजपा प्रवक्ता
भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और भोपाल पुलिस इस पूरे मामले पर निगाह रख रही है और जल्दी ही अपराधी को अरेस्ट किया जाएगा. हालांकि जो धमकियां मिली हैं वह अब तक सारी फर्जी निकली हैं. लेकिन पुलिस ने फिर भी अपनी कार्यवाही और जांच की है, कहीं भी कोई सत्यता नहीं पाई गई है और आईपी एड्रेस ट्रेस करने के लिए साइबर एक्सपर्ट की टीम लगी हुई है. आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा. कांग्रेस भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है.
इंदौर में भी धमकी भरे मेल से मचा हड़कंप
इंदौर में संभागायुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय को दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. यह धमकी एक अंजान मेल आईडी के जरिए शासकीय ईमेल पर भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया.
दरअसल धमकी भरे मेल की जानकारी मिलते ही संभागायुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय को एहतियातन खाली करा लिया गया. मौके पर बीडीडीएस टीम, बॉम्ब स्क्वाड और डॉग स्क्वायड को तैनात किया गया. एमजी रोड पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंचकर सघन सर्चिंग अभियान में जुट गई. जिसमें आधुनिक उपकरणों की मदद से दोनों कार्यालयों के हर कमरे की बारीकी से जांच की गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.