दमोह में बुधवार दोपहर पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट से कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश में रहने की फुर्सत नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय सिंह ने कहा कि पिछले 25 साल से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया। इससे पहले कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल और पूर्व विधायक अजय टंडन सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। अजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा 2003 में कांग्रेस की सरकार गई थी। बीच में सवा साल के लिए सरकार आई और फिर चली गई। पिछले 25 साल से हमारी सरकार नहीं है। मेरे ही क्षेत्र का लड़का जो 30 साल का है उसे नहीं मालूम कि मैं कभी मंत्री था। दाउ साहब (अर्जुन सिंह ) का नाम तो जानते हैं, लेकिन मंत्री कौन था यह नहीं मालूम। केंद्र सरकार पर उठाए सवाल मीडिया से बातचीत में अजय सिंह ने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार एलपीजी की किल्लत न होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी और मारामारी की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने भाजपा सरकार से व्यवस्था सुधारने के प्रयास करने की अपील की, आरोप लगाया कि सरकार इस दिशा में काम नहीं कर रही है। प्रभारी मंत्री पर कसा तंज प्रभारी मंत्री के दमोह में कम आने के सवाल पर अजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री को फुर्सत होगी तब वे आएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश में रहने की फुर्सत नहीं है और वे विदेश व बाहरी प्रांतों में घूमते रहते हैं। अजय सिंह ने कहा कि प्रभारी मंत्री वहीं जाते हैं जहां उनकी रुचि होती है या कुछ ‘ठीक-ठाक’ होता है, जबकि दमोह एक ‘ड्राई एरिया’ है, इसलिए यहां कौन आएगा।
Source link