कुएं में मिला महिला का शव, ससुराल वालों पर केस: राजगढ़ में पति-सास-ससुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार – rajgarh (MP) News

कुएं में मिला महिला का शव, ससुराल वालों पर केस:  राजगढ़ में पति-सास-ससुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के दोलाज गांव में कुएं में मिली 45 वर्षीय ललता बाई की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है, हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतिका के पति रोडमल (उर्फ रोड जी) दांगी, ससुर देवीलाल दांगी और सास बादाम बाई, निवासी दोलाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। कुएं में मिली थी महिला की लाश
गौरतलब है कि 15 मार्च की सुबह गांव के पास स्थित कुएं में महिला का शव मिला था। कुएं के पास साड़ी और जूते पड़े मिलने के बाद ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो अंदर शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल में भावुक माहौल देखने को मिला। मृतिका की बेटी गायत्री मां का शव देखते ही बिलख पड़ी और उसने अपने पिता, दादा और दादी पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए। बेटी के इन आरोपों ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया
मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि ललता बाई को शादी के बाद से ही ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार विवाद और मारपीट के चलते वह मायके आकर रहने लगी थी, लेकिन बाद में समझौता कर फिर ससुराल लौट जाती थी। परिजनों का दावा है कि महिला लंबे समय से मानसिक दबाव में थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
खिलचीपुर थाना प्रभारी टीआई उमाशंकर मुकाती ने बताया कि, “मामले में परिजनों के आरोपों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर केस दर्ज किया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। गांव में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… बेटी बोली- पापा और दादा-दादी ने मां को मार डाला राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के दोलाज गांव में रविवार सुबह एक कुएं में 45 वर्षीय महिला का शव मिला। ग्रामीण जब कुएं के पास पहुंचे तो वहां साड़ी और जूते पड़े मिले। शक होने पर उन्होंने कुएं में झांककर देखा, तो अंदर महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को कुएं से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पूरी खबर पढ़ें…



Source link