विजयपुर विधायक को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई: मुकेश मल्होत्रा MLA रहेंगे या रामनिवास बनेंगे विधायक, दोपहर तक फैसला संभव – Bhopal News

विजयपुर विधायक को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई:  मुकेश मल्होत्रा MLA रहेंगे या रामनिवास बनेंगे विधायक, दोपहर तक फैसला संभव – Bhopal News




मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। आज दोपहर तक इस मामले में सुप्रीम कोर्ट अहम निर्णय दे सकता है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की डबल बैंच में सुनवाई होगी। इस केस को आठवें नंबर पर सुनवाई के लिए लिस्टेड किया गया है। गौरतलब है कि ग्वालियर हाईकोर्ट ने क्रिमिनल केस छिपाने के चलते मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित करते हुए भाजपा नेता रामनिवास रावत को विजेता माना था। हाईकोर्ट ने ही 15 दिन का दिया था समय
9 मार्च को हाईकोर्ट ने विजयपुर विधायक मामले में सुनवाई करते हुए मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य करने के बाद 15 दिन का समय सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए दिया था। 24 मार्च को यह 15 दिनों की समयसीमा पूरी हो रही है। ऐसे में 19 मार्च को होने वाली सुनवाई अहम होगी। हाईकोर्ट का कड़ा रुख: 6 में से 2 केस छिपाना पड़ा भारी
9 मार्च को ग्वालियर बेंच के जस्टिस जी.एस. अहलूवालिया ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन रद्द कर दिया था। कोर्ट ने पाया कि मल्होत्रा ने 2024 के उपचुनाव नामांकन में केवल 4 क्रिमिनल केस की जानकारी दी थी। असल में उनके खिलाफ 6 मामले दर्ज थे। 2 केस की जानकारी छिपाना चुनावी नियमों का उल्लंघन माना गया। याचिकाकर्ता रामनिवास रावत (दूसरे नंबर के उम्मीदवार) को कोर्ट ने विजयपुर का नया विधायक घोषित करने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए दिया था 15 दिन का वक्त हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने जैसे ही मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य घोषित करते हुए निकटतम प्रतिद्धंदी रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया था। उसके तुरंत बाद मल्होत्रा ने हाईकोर्ट में ही एक आवेदन देकर अपील करने के लिए समय मांगा था। इसके बाद हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि मुकेश मल्होत्रा के पास सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के लिए 15 दिन का समय है। इसका तकनीकी मतलब यह है कि अगले 15 दिनों तक रामनिवास रावत को विधायक के रूप में शपथ नहीं दिलाई जा सकती। मुकेश मल्होत्रा को अपनी विधायकी बचाने के लिए 20 मार्च तक सुप्रीम कोर्ट से ‘स्टे’ (Stay Order) लाना अनिवार्य होगा। यदि सुप्रीम कोर्ट हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा देता है, तो मल्होत्रा विधायक बने रहेंगे। मुकेश और रामनिवास दोनों ने बदली थी पार्टी
पूर्व राज्यमंत्री और आदिवासी नेता मुकेश मल्होत्रा ने 2 मई 2024 को कांग्रेस जॉइन की थी। उन्होंने मुरैना जिले में आयोजित प्रियंका गांधी की चुनावी सभा में सदस्यता ली। विधानसभा चुनाव–2023 में मुकेश मल्होत्रा विजयपुर सीट से निर्दलीय मैदान में उतरे थे, तब पूरे क्षेत्र के आदिवासियों ने उनका साथ दिया था। उन्हें 45 हजार वोट मिले थे। मुकेश विजयपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह पहले में बीजेपी में थे, तब सरकार ने उन्हें सहारिया प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया था। दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बनाया था। विधानभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने 2023 के चुनाव से पहले भाजपा का साथ छोड़ दिया था। दरअसल, विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में सहारिया आदिवासी समाज के 70 हजार से ज्यादा वोट हैं। कांग्रेस ने आदिवासी वोटों को ध्यान में रखकर मुकेश को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था।



Source link