मंदसौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किला रोड स्थित बनिया चौक पर बुधवार रात एक व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया। 38 वर्षीय कारू पटेल ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान देने की कोशिश की। उसे समय रहते परिजनों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, कारू पटेल पिता विजय पटेल ने बुधवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि कारू पटेल लंबे समय से शराब का आदी है और लगातार पैसे की मांग करता रहता था। उसकी माता मंजू सोनी के अनुसार, घर वालों ने शराब पीने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया गया है कि कारू पटेल कोई कामकाज नहीं करता था और दिनभर नशे में रहता था। उसकी इस आदत से परिवार भी काफी परेशान था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Source link