हनुमानगढ़ जंगल में आग, आधा किलोमीटर तक फैली लपटें: रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ा खतरा, वन विभाग मौके पर नहीं – Sidhi News

हनुमानगढ़ जंगल में आग, आधा किलोमीटर तक फैली लपटें:  रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ा खतरा, वन विभाग मौके पर नहीं – Sidhi News




सीधी जिले के ग्राम हनुमानगढ़ के जंगल में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में लगभग आधा किलोमीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें अब धीरे-धीरे रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई थी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक न तो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और न ही वन विभाग का कोई कर्मचारी। इस पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। गांव के निवासी ब्रिज मोहन साकेत ने बताया कि आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। उन्होंने आशंका जताई कि गर्मी के मौसम में सूखी पत्तियों के कारण आग तेजी से फैलती है और कई बार बीड़ी-सिगरेट जैसी लापरवाही भी इसकी वजह बनती है। जब इस मामले में वनरक्षक श्रवण शुक्ल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने घटना की जानकारी न होने की बात कही। उन्होंने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से ही इस आग के बारे में पता चला है। शुक्ल ने कहा कि वे अब मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।



Source link