लाल या काला? किस मटके का पानी सबसे ठंडा, जानें सही जवाब और फायदे भी

लाल या काला? किस मटके का पानी सबसे ठंडा, जानें सही जवाब और फायदे भी


Last Updated:

Sidhi News: लाल रंग के घड़े ज्यादातर मशीनों से बनाए जाते हैं. इनमें काले मटकों जैसी झरझराहट कम होती है, इसलिए ये पानी को उतना ठंडा नहीं रख पाते हैं. हालांकि आजकल लाल मटकों में भी झरने की क्षमता विकसित की जा रही है लेकिन वे काले मटकों जितने प्रभावी नहीं माने जाते.

सीधी. मध्य प्रदेश में मार्च की भीषण गर्मी के बीच देसी मटकों की मांग तेजी से बढ़ गई है. कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है जबकि सीधी में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ऐसे में लोग ठंडे पानी के लिए मटकों की ओर रुख कर रहे हैं. बाजार में काले और लाल मटकों को लेकर लोग कंफ्यूज हैं. सीधी के 30 वर्षीय कुम्हार रोमी प्रजापति ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही मटकों की डिमांड अचानक बढ़ जाती है. लोग खासतौर पर काले रंग के मटकों को ज्यादा पसंद करते हैं. ये मटके पूरी तरह हाथों से तैयार किए जाते हैं और इन्हें बनाने में सोन नदी की मिट्टी और पीली मिट्टी का उपयोग होता है. पारंपरिक चाक पर इन्हें आकार देने के बाद भट्टी में पकाया जाता है. इस प्रक्रिया के कारण मटके में हल्की झरझराहट रहती है, जिससे पानी धीरे-धीरे बाहर की ओर नमी छोड़ता है और प्राकृतिक रूप से ठंडा बना रहता है.

उन्होंने कहा कि वहीं इसके विपरीत लाल रंग के मटके ज्यादातर मशीनों से बनाए जाते हैं. इनमें काले मटकों जैसी झरझराहट कम होती है, इसलिए ये पानी को उतना ठंडा नहीं रख पाते. हालांकि आजकल कुछ लाल मटकों में भी झरने की क्षमता विकसित की जा रही है लेकिन वे काले मटकों जितने प्रभावी नहीं माने जाते. फिर भी आकर्षक डिजाइन, आकार और सस्ती कीमत के कारण लाल मटकों की बिक्री भी अच्छी रहती है.

मटका खरीदते समय सावधानी जरूरी
गर्मी में ठंडा पानी पाने के लिए मटका खरीदते समय सावधानी जरूरी है. हमेशा पक्की मिट्टी का घड़ा ही लें. इसे पहचानने के लिए मटके को हल्का सा बजाकर देखें, अगर तेज आवाज आए तो समझें कि मिट्टी अच्छी तरह पकी है. ऐसे मटकों में पानी लंबे समय तक ठंडा रहता है और स्वाद भी बेहतर बना रहता है. मटके का पानी ज्यादा ठंडा रखने के लिए सूती कपड़े का इस्तेमाल कारगर तरीका है. इसके लिए दो-तीन मीटर सूती कपड़ा या साड़ी को पानी में भिगोकर मटके के चारों ओर लपेट दें. ध्यान रखें कि कपड़ा सूखने न पाए. समय-समय पर इसे गीला करते रहें. इससे गर्मी का असर कम होगा और मटके का पानी लंबे समय तक ठंडा बना रहेगा.

मटकों का पानी फायदेमंद
आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ विपिन सिंह के अनुसार, मिट्टी के मटकों का पानी स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है. इसमें प्राकृतिक रूप से पीएच स्तर संतुलित रहता है, जो शरीर के लिए लाभकारी होता है. इसके अलावा मिट्टी में मौजूद खनिज तत्व पानी में घुलकर शरीर को लाभ पहुंचाते हैं. यह पानी न सिर्फ पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है बल्कि ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और त्वचा संबंधी समस्याओं में भी मददगार माना जाता है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link