नई दिल्ली. जब क्रिकेट की पिच और आसमां के बीच मिजाज बिगड़ता है, तो दुनिया के बड़े-बड़े सूरमाओं के पैर भी क्रीज पर लड़खड़ाने लगते हैं. क्रिकेट के इतिहास में कुछ मैदान ऐसे हैं जिन्हें बल्लेबाजों का ‘कब्रिस्तान’ कहा जाता है यहाँ की हवाओं में स्विंग है, मिट्टी में उछाल है और इतिहास में खौफ. विराट, रूट, विलियमसन,स्मिथ जैसे तमाम दिग्गजों को इन तीन मैदानों पर खेलना बड़ा चैलेंज लगता है.
मेलबर्न की विशालता, सिडनी की फिरकी और लॉर्ड्स की ढलान ये वो तीन अभेद्य किले हैं जहाँ खाता खोलना भी किसी जंग जीतने जैसा है. आइए जानते हैं दुनिया के इन तीन सबसे खतरनाक मैदानों की कहानी, जहाँ आंकड़े गवाही देते हैं कि यहाँ सन्नाटा सिर्फ स्टेडियम में नहीं, स्कोरबोर्ड पर भी अक्सर पसरा रहता है.
1. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG): जहाँ रिकॉर्ड दम तोड़ते हैं
ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड सिर्फ अपनी क्षमता के लिए नहीं, बल्कि अपनी पिच के मिजाज के लिए भी जाना जाता है. यहाँ अब तक लगभग 290 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 745 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं. इस मैदान की सबसे बड़ी चुनौती इसकी विशाल बाउंड्री और सुबह की नमी है. यहाँ की पिच पर शुरुआती ओवरों में जो ‘एक्स्ट्रा बाउंस’ मिलता है, वह बल्लेबाजों को गलती करने पर मजबूर कर देता है. जब 90,000 दर्शकों का शोर कानों में गूंजता है और मिचेल स्टार्क या पैट कमिंस जैसे गेंदबाज आग उगलते हैं, तो शून्य पर आउट होना एक कड़वा सच बन जाता है.
2. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG): फिरकी और फरेब का जाल
सिडनी को अक्सर स्पिनर्स का मददगार माना जाता है, लेकिन यहाँ की पिच का दोहरा व्यवहार बल्लेबाजों के लिए काल साबित होता है. 295 मैचों में 725 बल्लेबाजों का ‘डक’ (0) पर आउट होना यह बताता है कि सिडनी में टिकना आसान नहीं है. यहाँ की दरारें और समय के साथ बदलता पिच का मिजाज बल्लेबाजों को दुविधा में डाल देता है. सिडनी में गेंद कभी रुक कर आती है तो कभी उम्मीद से ज्यादा टर्न लेती है. यही कारण है कि यहाँ सेट होने से पहले ही बल्लेबाज पवेलियन की राह पकड़ लेते हैं.
3. लॉर्ड्स (Lords): ‘मक्का’ जहाँ ढलान छीन लेती है एकाग्रता
लंदन का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड हर खिलाड़ी का सपना होता है, लेकिन यहाँ की ‘स्लोप’ (ढलान) अच्छे-अच्छों का बुरा सपना बन जाती है. 230 मैचों में 667 बल्लेबाजों का शून्य पर आउट होना लॉर्ड्स की गजब की स्विंग और सीम कंडिशंस का प्रमाण है. लॉर्ड्स की पिच और आउटफील्ड में एक खास ढलान है, जिसकी वजह से गेंदबाज को प्राकृतिक रूप से मदद मिलती है. जेम्स एंडरसन जैसे स्विंग के सुल्तान जब यहाँ अपनी उंगलियां फिराते हैं, तो गेंद हवा में बातें करती है. यहाँ की ‘नर्वस’ शुरुआत अक्सर बल्लेबाजों को बिना खाता खोले ही ड्रेसिंग रूम वापस भेज देती है.
तकनीक और धैर्य की परीक्षा
तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) में इन मैदानों पर बल्लेबाजी करना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. मेलबर्न की उछाल, सिडनी की फिरकी और लॉर्ड्स की स्विंग मिलकर क्रिकेट को एक ऐसा खेल बनाती हैं जहाँ एक छोटी सी गलती और आपका स्कोर कार्ड ‘अंडा’ (0) दिखा देता है. इन मैदानों पर शतक बनाना सम्मान की बात है, लेकिन शून्य से बचना ही यहाँ की पहली जीत मानी जाती है.