20 दिन में ही ‘गायब’ हो गई सड़क! सागर में 7 लाख की रोड बनी मजाक, धूल-गड्ढों से लोग बेहाल

20 दिन में ही ‘गायब’ हो गई सड़क! सागर में 7 लाख की रोड बनी मजाक, धूल-गड्ढों से लोग बेहाल


Last Updated:

Sagar Municipal Corporation Corruption: सागर के सिविल लाइन वार्ड में बनी नई सड़क 20 दिन में ही खराब हो गई है, जिससे लोगों में नाराजगी है. 7 लाख की लागत से बनी इस सड़क में घटिया निर्माण के आरोप लगाए जा रहे हैं. सड़क से धूल उड़ रही है और गड्ढे बनने लगे हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों ने इसे टैक्स के पैसों की बर्बादी बताया है और कार्रवाई की मांग की है. जानिए कैसे एक नई सड़क लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई.

Sagar News: सागर के पॉश सिविल लाइन वार्ड में बनी नई सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. महज 15-20 दिन पहले बनी यह सड़क अब कच्ची पगडंडी जैसी दिखने लगी है. सड़क से धूल उड़ रही है, गिट्टी बाहर आ गई है और जगह-जगह गड्ढे बनने लगे हैं.

घटिया निर्माण का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में बेहद खराब क्वालिटी का इस्तेमाल किया गया. हालत ये है कि हाथ लगाने पर ही रेत ऊपर आ जाती है. लोगों का कहना है कि पुरानी सड़क 10 साल तक सही चली, लेकिन नई सड़क 15 दिन भी नहीं टिक पाई.

7 लाख खर्च, फिर भी बदहाल रोड
यह सड़क शर्मा डेरी से लेकर रश्मि शुक्ला अस्पताल तक करीब 7 लाख की लागत से बनाई गई थी. निर्माण मारुति नंदन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया, लेकिन अब लोग इसे टैक्स के पैसों की बर्बादी बता रहे हैं.

धूल से लोग बीमार
गली में रहने वाले राकेश सोनी का कहना है कि धूल इतनी ज्यादा उड़ रही है कि घरों में बैठना मुश्किल हो गया है. वहीं मोहम्मद अनवर बताते हैं कि दुकानों में धूल भर रही है, जिससे काम करना मुश्किल हो गया है. गीता साहू का कहना है कि अगर यही पैसा किसी जरूरतमंद सड़क पर खर्च होता, तो बेहतर होता.

जिम्मेदारों का अजीब तर्क
सबसे हैरानी वाली बात ये है कि जिम्मेदारों का कहना है कि सड़क लोगों की “तराई” करने से खराब हुई है. यानी दूसरे दिन पानी डालने की वजह से सीमेंट बह गया.

निगम पर भी उठे सवाल
नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि बिना जांच के ऐसी सड़क को कैसे पास कर दिया गया. पार्षद रोशनी वसीम खान ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आयुक्त को पत्र लिखकर नई सड़क बनाने की मांग की है.

जनता में नाराजगी
लोगों का कहना है कि इस तरह का काम सिर्फ भ्रष्टाचार और लापरवाही को दिखाता है. अब देखना होगा कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या फिर जनता को ऐसे ही परेशान होना पड़ेगा.

About the Author

Shweta Singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें



Source link