Last Updated:
Raisen News: विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘किसी भी अस्पताल के आईसीयू गेट को अवरुद्ध कर नमाज पढ़ना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है. नमाज के दौरान यदि कोई गंभीर हालत में मरीज आ जाता तो उसे प्रवेश दिलाने के लिए क्या इन मोहतरमा को वहां से कुछ सरकाने का साहस भी कोई कर पाता.’
महिला के नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
रिपोर्ट- दिनेश यादव/रमाकांत दुबे, रायसेन. मध्य प्रदेश के रायसेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो जिला अस्पताल का बताया जा रहा है. इसमें एक मुस्लिम महिला आईसीयू के गेट पर नमाज पढ़ते हुए नजर आ रही है. वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया और अब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने इसे संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताया और कहा कि अस्पताल मजहबी प्रदर्शन का मंच नहीं है. यह जिंदगी और मौत की जंग का स्थान है. वहीं बजरंग दल ने कहा कि अगर महिला के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी, तो वे लोग अस्पताल में हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे, जिसपर शासन-प्रशासन को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मध्य प्रदेश के रायसेन जिला अस्पताल में आईसीयू के गेट के सामने नमाज पढ़ती महिला का एक वीडियो वायरल है. किसी भी अस्पताल के ICU गेट को अवरुद्ध कर नमाज पढ़ना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है. अस्पताल कोई मजहबी प्रदर्शन का मंच नहीं बल्कि जिंदगी और मौत की जंग का स्थान है. नमाज के दौरान यदि कोई गम्भीर हालत में मरीज आ जाता तो उसे प्रवेश दिलाने के लिए क्या इन मोहतरमा को वहां से कुछ सरकाने का साहस भी कोई कर पाता. अनेक लोगों के जीवन रक्षक इस गेट को अवरुद्ध कर नमाज पढ़ना क्या उचित है? क्या दूसरों के जीवन से खिलवाड़ कर पढ़ी जा रही यह नमाज इस्लाम के अनुसार जायज है या सिर्फ दिखावा? अगर हर कोई अपनी मजहबी गतिविधियां ICU गेट पर ही करने लगे, तब तो चिकित्सालय में चिकित्सा ही ठप हो जाएगी. प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण मामले की जांच कर ऐसे दुस्साहस के विरुद्ध उचित कार्रवाई जरूरी है.’
महिला के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे प्रशासन
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह-मंत्री जीतेंद्र चौहान ने इस बारे में कहा कि मध्य प्रदेश के रायसेन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला जिला अस्पताल के आईसीयू गेट के सामने नमाज पढ़ती नजर आ रही है. नमाज पढ़ते हुए आईसीयू गेट को अवरूद्ध करना संवेदनहीनता का विषय है. प्रशासन इस मामले में जांच करे और महिला के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे. प्रशासन अस्पताल को इस प्रकार की गतिविधियों का अड्डा न बनने दे.
बजरंग दल करेगा हनुमान चालीसा का पाठ
बजरंग दल के जिला सह-संयोजक रवि प्रजापति ने कहा कि रायसेन जिला अस्पताल में एक महिला नमाज पढ़ रही है. वह किसकी परमिशन से नमाज पढ़ रही थी. जिला अस्पताल एक सार्वजनिक स्थल है और सार्वजनिक स्थल पर ऐसी गतिविधियां होना बहुत हानिकारक है. उनका जिला प्रशासन से आग्रह है कि महिला पर सख्त कार्रवाई की जाए. अगर कार्रवाई नहीं होगी, तो बजरंग दल भी वहां पर हनुमान चालीसा का पाठ करेगा. शासन-प्रशासन को इसपर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.