मंडला जिले के हर्राटीकुर गांव में अपने दादा की हत्या करने वाले 21 वर्षीय पोते सुमित कुलस्ते को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के दौरान अपने हाथ में पहने कड़े से हमला कर वृद्ध की जान ले ली थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पिता को गाली देने से रोकने पर विवाद घटना 19 मार्च की रात करीब 9:30 बजे की है। आरोपी सुमित कुलस्ते शराब के नशे में अपने पिता के साथ मोबाइल पर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान उसके रिश्ते के दादा मुन्नालाल कुलस्ते वहां पहुंचे और उसे अभद्र भाषा का प्रयोग करने से मना किया। समझाइश से नाराज होकर सुमित ने वृद्ध के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी। कड़े के प्रहार से मौके पर हुई मौत विवाद के दौरान आरोपी सुमित ने अपने हाथ में पहने भारी कड़े से मुन्नालाल के गुप्तांग पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि मुन्नालाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर टिकरिया पुलिस ने 20 मार्च को हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम ने शनिवार को दबिश देकर आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज बिष्ट, सहायक उपनिरीक्षक नारायण ताराम और प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही।
Source link