शहर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए चल रहे अवैध सट्टा कारोबार का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। मुरार क्षेत्र के वंशीपुरा इलाके में शनिवार देर रात की गई दबिश के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, बैंक की चार पासबुक और चार चेकबुक जब्त की हैं। जब्त दस्तावेजों में करीब 45 हजार रुपए के लेन-देन का हिसाब भी मिला है। लैपटॉप पर सट्टा लगवाते मिला युवक सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि शनिवार रात उन्हें सूचना मिली थी कि वंशीपुरा स्थित एक मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर मुरार सीएसपी अतुल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम रघुनंदन उर्फ रघु राणा के मकान पर पहुंची और अंदर दाखिल हुई। वहां एक युवक लैपटॉप पर काम करता हुआ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवशंकर उर्फ नंदू पवैया निवासी वंशीपुरा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खिलाने का काम करता है। इसके लिए वह एक गेमिंग वेबसाइट का उपयोग करता था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त की पूछताछ के दौरान आरोपी नंदू पवैया ने यह भी खुलासा किया कि इस अवैध कारोबार में रघु राणा भी उसका साझेदार है। पुलिस ने जब रघु राणा को पकड़ने के लिए छापेमारी की, तो वह मौके से फरार मिला। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में जुटी हुई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक से जुड़े दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। इनकी जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन सट्टे के माध्यम से लोगों को जोड़कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी नंदू पवैया को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुरार थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
Source link