MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें: साधु ने मारी कैमरामैन को गोली, धीरेंद्र शास्त्री बोले- हमें जान का खतरा; अगले 4 दिन तेज गर्मी – Bhopal News

MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:  साधु ने मारी कैमरामैन को गोली, धीरेंद्र शास्त्री बोले- हमें जान का खतरा; अगले 4 दिन तेज गर्मी – Bhopal News


MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास…

1. एक करोड़ रुपए पकड़े, 20 लाख लेकर छोड़ा; गुना में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

गुना हवाला कांड में ग्वालियर डीआईजी अमित सांघी ने थाना प्रभारी सहित 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। डीआईजी सांघी ने शनिवार रात और रविवार सुबह मौके पर पहुंचकर जांच की और चारों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उन्हें निलंबित करते हुए एसपी रैंक के अधिकारी से विभागीय जांच के आदेश दिए। आरोप है कि 19 मार्च की रूठियाई चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान गुजरात पासिंग स्कॉर्पियो नंबर GJ 05 RK 9351 को रोका था। गुजरात के एक जीरा कारोबारी की इस कार से करीब 1 करोड़ रुपए कैश पकड़े, लेकिन 20 लाख रुपए रखकर उसे छोड़ दिया। 20 मार्च को मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब गुजरात के एक IPS अधिकारी का फोन आने के बाद पुलिस ने लिए गए 20 लाख रुपए भी वापस कर दिए। पढ़ें पूरी खबर…

2. बाउंसर ने गन दी, साधु ने कैमरामैन को मार दी गोली; वीडियो में चेहरा, FIR अज्ञात पर

रीवा में कलश यात्रा की शूटिंग कर रहे कैमरामैन को गोली लगने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में गोली चलाने वाले साधु माधवेंद्र भदौरिया और उसके साथियों का चेहरा साफ नजर आ रहा है, लेकिन घटना के चार दिन बाद भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार करना तो दूर, बल्कि अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की है। माधवेंद्र यूपी का रहने वाला है। लंबे समय तक ग्वालियर में रहा है। करीब दो माह पहले रीवा के गुलाब नगर में आकर रहने लगा। वह अपने साथ कई गनमैन लेकर चलता है। चौंकाने वाली यह है कि पुलिस जिस आरोपी की पहचान नहीं होने की बात कह रही है, उसकी तस्वीरें कई अफसरों के साथ सामने आई हैं। वह मऊगंज कलेक्टर, मऊगंज एसपी, रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के साथ नजर आ रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

3. इंदौर में पिल्ले को पीट-पीटकर मार डाला, लाठी से घसीटा; FIR के बाद आरोपी फरार

इंदौर में एक शख्स ने पीट-पीटकर कुत्ते के पिल्ले की जान ले ली। मामला लसूड़िया इलाके की पैराडाइज कॉलोनी में 19 मार्च की रात का है। इसका वीडियो रविवार को सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि पिल्ला सड़क पर चलता हुआ आरोपी और उसके साथी की तरफ आया। जैसे ही वह पास पहुंचा, आरोपी ने लाठी से उस पर हमला कर दिया। पिल्ला जमीन पर गिर गया। उसकी तड़प-तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की पहचान पैराडाइज कॉलोनी निवासी मुकेश कुमावत के रूप में हुई है। वीडियो के आधार पर पीपुल्स फॉर एनिमल्स (PFA) की इंदौर ब्रांच की अध्यक्ष प्रियांशु जैन ने शनिवार रात थाने जाकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मुकेश की तलाश कर रही है जबकि उसके साथी की पहचान नहीं हो पाई है। पढ़ें पूरी खबर…

4. मथुरा में फरसा बाबा की हत्या पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री; कहा- मुझे और मेरे परिवार को भी धमकियां मिल रहीं

मथुरा में फरसा वाले बाबा उर्फ साधु चंद्रशेखर सिंह (45) की मौत पर छतरपुर के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- फरसा वाले बाबा गो तस्करी रोकने के लिए सीधे तौर पर लड़ते थे। इस प्रकार से यदि सनातनियों पर उंगलियां उठेंगी तो कोई हिंदुत्व के लिए लड़ने आगे नहीं आएगा। इस देश में सबसे बड़ा अपराध होने लगा है कि यदि आप हिंदू के लिए, हिंदुत्व के लिए, सनातन के लिए बोलोगे तो मारे जाओगे। शास्त्री ने कहा- हम भी लगातार उस समस्या से जूझ रहे हैं। हमें और हमारे परिवार को लगातार मारने की धमकियां दी जाती हैं। षड्यंत्र किए जाते हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि जो लोग हिंदुत्व और सनातन के लिए जी रहे हैं, उनका समर्थन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग स्वयं हिंदुत्व के लिए लड़ नहीं सकते तो कम से कम खड़े होकर उनका साथ दें। पढ़ें पूरी खबर…

5. MP के 45 जिलों में बारिश, 17 में ओले भी गिरे, अगले 4 दिन तेज गर्मी पड़ेगी

मध्य प्रदेश में बीते 4 दिन में कुल 45 जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहा। इनमें से 17 जिलों में ओले भी गिरे। यह सिस्टम अब आगे बढ़ गया है। ऐसे में बारिश की बजाय तेज गर्मी का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इस वजह से उत्तरी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बूंदाबांदी या बादल छा सकते हैं। इससे पहले भोपाल में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में 29.4 डिग्री, जबलपुर में 29.5 डिग्री, इंदौर में 30.6 डिग्री, ग्वालियर में 28.4 डिग्री और उज्जैन में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। इन दो महीने के अंदर ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है। पढ़ें पूरी खबर…

6. मंडला में जर्जर पुलिया से गिरी बाइक, 4 युवकों की मौत; न बैरिकेडिंग थी, न ही चेतावनी बोर्ड

मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। हादसा भैंसवाही और टिकराटोला के बीच एक जर्जर पुलिया से बाइक गिरने के कारण हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह पुलिया पिछली बरसात में टूट गई थी, लेकिन इसका निर्माण या मरम्मत अब तक नहीं कराई गई। पुलिया के दोनों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। अंधेरे में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक पुलिया से नीचे गिर गए। वे नीचे रखे सीमेंट पाइप से टकरा गए, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। पढ़ें पूरी खबर…

7. भोपाल में निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से टकराई कार; ट्रैवल्स कंपनी संचालक की मौत, दोस्त की हालत गंभीर

भोपाल-इंदौर हाईवे पर खजूरी जोड़ के पास रविवार तड़के एक कार निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से जा टकराई। कार चालक गौरव सिंह (30) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दोस्त लकी की हालत नाजुक बताई जा रही है। गौरव टूर्स एंड ट्रैवल्स कंपनी चलाता था। वह फूफा के निधन की सूचना के बाद दोस्त के साथ कार में सवार होकर इंदौर जाने के लिए निकला था। गौरव की 4 साल पहले लव कम अरेंज मैरिज हुई थी। फिलहाल कोई संतान नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- निर्माण कार्य के चलते भोपाल-इंदौर रोड भौरी जोड़ पर सड़क को वनवे किया गया है। गौरव की कार सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को क्रॉसिंग देने के प्रयास में पिलर से जा टकराई। रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन के हवाले कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…

पॉजिटिव खबर

8. उज्जैन का 138 साल पुराना कोठी पैलेस बनेगा म्यूजियम, महान नायकों की गाथाएं दिखाई जाएंगी

उज्जैन का करीब 138 साल पुराना ऐतिहासिक कोठी पैलेस जल्द ही वीर भारत संग्रहालय के रूप में आकार लेने जा रहा है। मध्य प्रदेश सरकार करीब 20 करोड़ रुपए खर्च कर इस हेरिटेज इमारत का कायाकल्प कर रही है, जिसमें प्राचीन गौरव को सहेजते हुए आधुनिक संग्रहालय तैयार किया जाएगा। करीब पौने दो एकड़ में फैला यह भव्य कोठी पैलेस, जो कभी सिंधिया रियासत का अहम केंद्र रहा और लंबे समय तक कलेक्टर कार्यालय के रूप में इस्तेमाल होता रहा, अब इतिहास की नई कहानी कहेगा। संग्रहालय में चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, महात्मा गांधी जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ स्वामी विवेकानंद, आदि शंकराचार्य और गुरु गोविंद सिंह जैसे संतों और धर्मगुरुओं की झलक भी मिलेगी। वहीं कालिदास, वराहमिहिर और तानसेन जैसे महान विद्वानों के योगदान को भी खास तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…

खबर जरा हटके

9. पन्ना के मयंक का हुनर; गत्ते, कागज के टुकड़ों और मिट्टी से बनाया राम दरबार

पन्ना के कटरा बाजार निवासी 14 वर्षीय मयंक विश्वकर्मा ने घर के बेकार सामान का उपयोग कर भव्य ‘राम दरबार’ तैयार किया है। इस कलाकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मयंक ने इस झांकी को बनाने के लिए गत्ते, कागज के टुकड़ों और मिट्टी जैसी साधारण चीजों का खूबसूरती से प्रयोग किया। उसे बचपन से ही त्योहारों पर नई चीजें बनाने और प्रतिमाएं गढ़ने का शौक रहा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में इतनी बारीकी से प्रतिमाएं तैयार करना सराहनीय है। मयंक के पास अद्भुत हुनर है और सही मार्गदर्शन मिलने पर वह कला के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन कर सकता है। पढ़ें पूरी खबर…

कल का इवेंट

10. सिविल सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार दोपहर 12:00 बजे भोपाल के ठाकरे सभागार में सिविल सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित करेंगे। वहीं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल प्रदेश के पहले आधुनिक “शक्ति केंद्र” का उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र महिला बीमारियों की रोकथाम, कैंसर जांच और इन्फर्टिलिटी के इलाज के लिए बनाया गया है।



Source link