ग्वालियर में संस्कृति मंत्रालय से जुड़ी सिंधी साहित्य अकादमी के डायरेक्टर को जान से मारने की धमकी मिली है। अज्ञात कॉलर ने फोन कर रुपए मांगते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। ग्वालियर के लाला का बाजार क्षेत्र में रहने वाले सिंधी साहित्य अकादमी के डायरेक्टर राजेश वाधवानी को अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उनसे रुपए मांगते हुए धमकी दी कि “हिसाब कर दो, नहीं तो तुम्हारा हिसाब कर दिया जाएगा।” जब राजेश वाधवानी ने कॉलर से उसकी पहचान पूछी, तो वह अपशब्द बोलने लगा और धमकाया कि “तुम्हारे सारे पैसे चाहिए, नहीं तो बहुत बुरा होगा।” कॉलर ने यह भी कहा कि “तुम भाजपा की बहुत नेतागिरी करते हो, तुम्हारी नेतागिरी खत्म कर देंगे।” वाधवानी को शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:27 बजे फोन आया था। इसके बाद रात 4 बजे तक करीब 6 बार कॉल आया, लेकिन बाद में वाधवानी ने फोन रिसीव नहीं किया। दोस्तों को भी मिली धमकियां रविवार सुबह वाधवानी ने अपने दोस्त राजेश वालानी को पूरी घटना बताई। इस पर वालानी ने भी बताया कि उन्हें भी इसी नंबर से धमकी भरा कॉल आया है। इससे मामला और गंभीर हो गया। SSP से की शिकायत, केस दर्ज घटना के बाद राजेश वाधवानी ने एसएसपी धर्मवीर सिंह से मुलाकात कर पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत माधौगंज थाना प्रभारी को केस दर्ज कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल कहां से और किसने किया। पीड़ित ने कहा- किसी से कोई विवाद नहीं वाधवानी ने पुलिस को बताया कि उनका किसी से कोई विवाद या लेन-देन नहीं है। उन्हें आशंका है कि कॉलर किसी के बहकावे में आकर ऐसा कर रहा था, क्योंकि कॉल के दौरान पीछे से अन्य लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।
Source link