जबलपुर में तिलवारा स्थित गांधी भवन क्षेत्र में 75 फीट ऊंचाई पर लहरा रहा राष्ट्रीय ध्वज एक तरफ से फट गया है और करीब 3 दिन से इसी हालत में है। किसी ने सोशल मीडिया पर ध्वज का वीडियो भी अपलोड कर दिया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र ध्वज बदलने की मांग की है। स्थानीय निवासी और कांग्रेस नेता अभिषेक पाठक ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है, जिसका विश्व में गौरवपूर्ण स्थान है। भारत में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जा सकता। नगर निगम को देखरेख करना चाहिए पाठक ने कहा कि जब नगर प्रशासन और महापौर की पहल पर यह झंडा लगाया गया है, तो उसकी देखरेख और समय-समय पर बदलने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की बनती है। उन्होंने मांग की है कि फटे तिरंगे को तत्काल हटाकर सम्मानपूर्वक नया झंडा लगाया जाए। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से अपील की है कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
Source link