Last Updated:
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को इंडियन प्रीमियर लीग में अगर खेलना है तो बतौर खिलाड़ी मैदान पर उतरना चाहिए. अगर वो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रहना चाहते हैं तो फिर संन्यास ले लेना चाहिए. भारतीय टीम के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा का कुछ ऐसा मानना है.
MS Dhoni से कहा रिटायर हो जाओ…आप डगआउट से टीम नहीं चला सकते- आकाश चोपड़ा
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में महेंद्र सिंह धोनी किस भूमिका में नजर आएंगे. इसको लेकर कयासबाजी तेज हो गई है क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले ही उत्तराधिकारी योजना शुरू कर दी है. कुछ सीजन पहले रुतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया और अब संजू सैमसन की भी टीम में एंट्री हुई है. गायकवाड़ के नए कप्तान बनने और सैमसन के पहले-choice विकेटकीपर बनने की संभावना के साथ सवाल उठता है कि सीएसके धोनी का कैसे इस्तेमाल करेगी.
आने वाले सीजन में सैमसन के विकेटकीपिंग करने का फैसला धोनी की फिटनेस पर निर्भर करेगा. ऐसी चर्चा है कि पांच बार आईपीएल जीत चुके कप्तान धोनी को ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ की भूमिका में देखा जा सकता है. पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा का मानना है कि अगर ऐसा होता है तो धोनी को अपने खेल करियर को अलविदा कह देना चाहिए.
चोपड़ा ने जियोहॉटस्टार पर धोनी की लीडरशिप स्किल्स का जिक्र करते हुए कहा,. “आप टीम को डगआउट से नहीं चला सकते, यह फुटबॉल नहीं है. क्रिकेट में आपको मैदान पर रहना होता है और एमएस धोनी की सबसे बड़ी ताकत है कि वह खेल को किसी और से बेहतर पढ़ सकते हैं. वही स्पष्टता और आत्मविश्वास उन्हें खास बनाता है.”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यह उनका आखिरी सीजन हो सकता है. अब उनके पास उत्तराधिकारी है. संजू सैमसन जल्द ही विकेटकीपिंग करेंगे, यह इस सीजन में भी हो सकता है. फिर भी यह धोनी की फिटनेस और उनके घुटने की स्थिति पर निर्भर करता है. वह इम्पैक्ट प्लेयर नहीं हो सकते. अगर वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे हैं, तो मुझे लगता है कि उन्हें संन्यास ले लेना चाहिए,”
धोनी पिछले कुछ समय से घुटने की समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी मूवमेंट पर असर पड़ा है. यही वजह है कि वह सीएसके के लिए बल्लेबाजी क्रम में नीचे आ रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस का भी मानना है कि सीएसके को धोनी बल्लेबाज से ज्यादा धोनी रणनीतिकार की जरूरत है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें