शहडोल में अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव में बिजली बिल वसूली के दौरान सड़क हादसा और मारपीट की घटना सामने आई। दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग की टीम पर कार ने टक्कर मारी पुलिस के अनुसार, बुढार के जूनियर इंजीनियर विकास कुमार के नेतृत्व में बिजली टीम घर-घर बकाया बिल वसूल रही थी। इसी दौरान विभागीय वाहन सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था और टक्कर के बाद फरार हो गया। पीछा कर कार चालक को रोका, मारपीट हुई ग्रामीणों और बिजली विभाग की टीम ने कार चालक का पीछा कर केशवाही क्षेत्र के बलबहरा रोड पर उसे रोका। यहीं पर कार चालक के साथ मारपीट की गई। जूनियर इंजीनियर विकास कुमार की शिकायत पर अमलाई थाने में पवन यादव और नितिन रजक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, वाहन लापरवाही से चलाने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया। वहीं, कार चालक पवन कुमार ने केशवाही चौकी में बिजली कर्मचारियों हिमांशु पांडे, राजकुमार साहू और हेमराज वर्मा पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए दूसरी एफआईआर दर्ज कराई। सीसीटीवी और वीडियो आया सामने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और वीडियो में एक युवक हाथ में डंडा लेकर अधिकारियों को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link