दुष्कर्म मामले में सजा काट रहे आसाराम के बेटे नारायण सांई को सोमवार को इंदौर फैमिली कोर्ट में पेश किया गया। उनकी पत्नी जानकी द्वारा दायर भरण-पोषण और तलाक प्रकरण में करीब एक घंटे से अधिक समय तक सुनवाई चली। जानकी ने फैमिली कोर्ट में तलाक और 50 हजार रुपए मासिक भरण-पोषण की मांग को लेकर मामला दायर किया है। इसी प्रकरण में सुनवाई के लिए गुजरात पुलिस नारायण सांई को कड़ी सुरक्षा के बीच सूरत से इंदौर लेकर पहुंची। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पेशी के दौरान पुलिस नारायण सांई को तेजी से कोर्ट रूम के भीतर ले गई। सुनवाई समाप्त होते ही नारायण को फिर कड़ी सुरक्षा में बाहर निकाला गया और गुजरात पुलिस अपने साथ ले गई। फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में आसाराम के अनुयायी भी मौजूद रहे। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। 50 हजार रुपए प्रति माह भरण-पोषण देने के मामले में रि-ओपन की अपील मामले में पत्नी जानकी की अपील पर 2018 में नारायण को आदेश दिया था कि वह अपनी पत्नी जानकी हरपलानी को हर माह पचास हजार रुपए भरण-पोषण खर्च दें, लेकिन सांई ने राशि नहीं दी। हालांकि 2013 से नारायण सूरत जेल में है। ऐसे में यह राशि ब्याज सहित 55 लाख रुपए से ज्यादा हो गई है। मामले में मई 2025 में नारायण के एडवोकेट ने इस केस को रिओपन करने की अपील की थी। तब उनके एडवोकेट का कहना था कि जब कोर्ट ने यह आदेश दिया था तो 2013 से जेल में है। इसमें कोर्ट की ओर से उसका पक्ष नहीं जाना गया है। इस मामले में कोर्ट संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर चुकी है। 4 साल पहले केस लगाया था नारायण और जानकी की शादी 1995 में हुई थी। मूलत: भोपाल निवासी जानकी ने नारायण सांई के खिलाफ करीब 4 साल पहले तलाक का केस लगाया है। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में नारायण को नोटिस देकर तलब किया था लेकिन वह पेश नहीं हुआ था। नारायण सांई अभी दुष्कर्म के एक मामले में सूरत जेल में बंद है। दोपहर को उसे पुलिस सुरक्षा में इंदौर फैमिली कोर्ट लाया गया था। इस दौरान आसाराम के कुछ अनुयायी भी वहां मौजूद थे।
Source link