धूलकोट में डॉक्टर-एंबुलेंस नहीं: 25 गांवों के 50 हजार ग्रामीण परेशान, कलेक्टर से नियुक्ति की मांग – Burhanpur (MP) News

धूलकोट में डॉक्टर-एंबुलेंस नहीं:  25 गांवों के 50 हजार ग्रामीण परेशान, कलेक्टर से नियुक्ति की मांग – Burhanpur (MP) News




बुरहानपुर के धूलकोट क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली बताते हुए धूलकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस डॉक्टर और एंबुलेंस की तत्काल नियुक्ति की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि धूलकोट तहसील टप्पा होने के बावजूद यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में न तो एमबीबीएस डॉक्टर है और न ही एंबुलेंस की सुविधा। इस केंद्र पर 25 गांवों के 50 हजार से अधिक ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर किया जाता है, जो धूलकोट से 35 किलोमीटर दूर है। एंबुलेंस की आवश्यकता पड़ने पर उसे नेपानगर या बुरहानपुर से बुलाया जाता है, जिससे समय पर मदद नहीं मिल पाती। धूलकोट क्षेत्र के पिपराणा, बोरी बुजुर्ग, चिखल्या, सराय, उतांबी, दवाटिया, अंबा, गंभीरपुरा, सुक्ता खुर्द, धौंड, हरदा सहित कई अन्य गांवों के लोगों को आए दिन इन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उप स्वास्थ्य केंद्र में नर्स तक नहीं
इसके अतिरिक्त, अंबा उपस्वास्थ्य केंद्र में पिछले 15 से 18 महीनों से किसी नर्स की नियुक्ति नहीं हुई है। इस कारण गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से इन सभी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। इस दौरान पवन कुमार बर्डे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



Source link