Last Updated:
ICC Women’s T20I Ranking: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की महिलाओं की ताजा आईसीसी रैंकिंग में भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने खुद को दूसरे पायदान पर बरकरार रखा है. वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान पर फायदा हुआ है. ऑस्ट्रेलियाई ओपनर जॉर्जिया वोल पहली बार बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में शामिल हुई हैं.
आईसीसी ने जारी की महिला टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग.
दुबई. भारत की ओपनर स्मृति मंधाना ने आईसीसी महिला टी20 इंटरनेशनल में बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना दूसरा स्थान बनाए रखा है, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर मंगलवार को जारी ताजा रैंकिंग में 14वें स्थान पर पहुंच गई हैं. मंधाना के अलावा, आक्रामक बल्लेबाज शेफाली वर्मा टॉप 10 में शामिल दूसरी भारतीय खिलाड़ी हैं. उन्होंने अपना छठा स्थान बनाए रखा है, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स संयुक्त 11वें स्थान पर बनी हुई हैं. गेंदबाजी में स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर छठे स्थान पर बनी हुई हैं.
तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी टॉप 10 से बाहर होकर 11वें स्थान पर आ गई हैं. दीप्ति ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं. ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वोल पहली बार बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप 10 में शामिल हुई हैं, जबकि न्यूजीलैंड की स्टार सोफी डिवाइन के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक ने उन्हें दो स्थान ऊपर 18वें स्थान पर पहुंचने में मदद की.
रवांडा की 15 साल की फैनी उटागुशिमानिंदे टी20 इंटरनेशनल में अपने डेब्यू मैच में (घाना के खिलाफ) शतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं. यही नहीं, वह पुरुष और महिला क्रिकेट में खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में शतक लगाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बनी हैं. इससे उन्होंने 66वें स्थान पर रैंकिंग में एंट्री की है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें