राजगढ़ में पंचायत के काम में लापरवाही, सचिव निलंबित: पीएम आवास मामले में रोजगार सहायक को भी हटाया – rajgarh (MP) News

राजगढ़ में पंचायत के काम में लापरवाही, सचिव निलंबित:  पीएम आवास मामले में रोजगार सहायक को भी हटाया – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिले में शासकीय योजनाओं और पंचायत कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की है। जनपद पंचायत खिलचीपुर की ग्राम पंचायत हालाहेड़ी में पदस्थ सचिव लखन सिंह खींची को अनियमितता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी के मामले में ग्राम रोजगार सहायक देवेंद्र शर्मा को विरत कर जनपद पंचायत राजगढ़ से संबद्ध किया गया है। जानकारी के अनुसार हालाहेड़ी पंचायत में सचिव लखन सिंह खींची द्वारा पंचायत के विभिन्न कार्यों में अनियमितता करते हुए बालाजी ट्रेडर्स, ब्यावराकलां (प्रोप्राइटर कुशल सिंह दांगी, सरपंच पुत्र) को वेंडर बनाकर राशि का आहरण किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित फर्म वर्तमान में ब्यावराकलां में संचालित नहीं है और राशि आहरण की पूरी प्रक्रिया नियमों के विपरीत पाई गई। मामले को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। रोजगार सहायक पर भी कार्रवाई
वहीं दूसरी कार्रवाई जनपद पंचायत राजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत हिनोती में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक देवेंद्र शर्मा पर की गई है। बताया गया कि वे पूर्व में जनपद पंचायत जीरापुर की ग्राम पंचायत काशीखेड़ी में पदस्थ थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में समान नाम वाले अन्य हितग्राही को लाभ दिलाते हुए राशि के वितरण में अनियमितता की। जांच में मामला सामने आने पर उन्हें विरत करते हुए आगामी आदेश तक जनपद पंचायत राजगढ़ से संबद्ध कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



Source link