नीमच शहर और पूरे जिले में मंगलवार शाम को पेट्रोल खत्म होने और कीमतें बढ़ने की अफवाह ने हंगामा खड़ा कर दिया। जैसे ही यह खबर फैली, लोग अपना सारा काम छोड़कर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े, जिससे हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइनें लग गईं। हर कोई जल्द से जल्द पेट्रोल भरवाना चाहता था, जिसके चक्कर में लोगों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई। कई लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवाने पहुंचे थे, तो कुछ लोग खाली बोतलें और कुप्पियां लेकर पेट्रोल का स्टॉक जमा करने की कोशिश में जुटे रहे। अफवाहों के चलते लोग हुए परेशान पेट्रोल भरवाने आए मयंक शर्मा ने बताया कि उन्हें खबर मिली थी कि कल से पेट्रोल मिलना बंद हो जाएगा, इसलिए उन्होंने ऑफिस और घर के काम न रुकें, यह सोचकर टंकी फुल करवाने का फैसला किया। वहीं, पलक मालवीय और शमीना कुरैशी जैसी उपभोक्ताओं ने बताया कि एक-एक घंटे लाइन में लगने के बाद भी उन्हें मायूसी हाथ लगी क्योंकि भीड़ बहुत ज्यादा थी। पंप संचालकों ने शुरू की राशनिंग हालात को बेकाबू होते देख पेट्रोल पंप संचालकों ने पेट्रोल की राशनिंग शुरू कर दी है। अब एक वाहन को केवल 1 लीटर पेट्रोल ही दिया जा रहा है। पंप संचालक अली ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि यह सब अचानक फैली एक अफवाह का नतीजा है। स्टॉक खत्म होने का डर संचालक ने यह भी जानकारी दी कि पेट्रोल कंपनियां अब एडवांस पेमेंट मिलने के बाद ही सप्लाई भेज रही हैं, जिससे वितरण में थोड़ी दिक्कत आई है। उनका कहना है कि जिस तेजी से लोग पेट्रोल भरवा रहे हैं, उससे रात तक स्टॉक खत्म हो सकता है। अब नया स्टॉक आने के बाद ही व्यवस्था दोबारा सामान्य हो पाएगी।
Source link