आगर में पेट्रोल भरवाने पंपों पर भीड़: कलेक्टर ने कहा- अफवाह पर ध्यान न दें, ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है – Agar Malwa News

आगर में पेट्रोल भरवाने पंपों पर भीड़:  कलेक्टर ने कहा- अफवाह पर ध्यान न दें, ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है – Agar Malwa News




आगर मालवा जिले में मंगलवार रात पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने की अफवाह ने भारी हलचल मचा दी। जैसे ही यह खबर फैली, लोग अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े, जिससे कई जगह लंबी कतारें और अव्यवस्था देखने को मिली। अफवाह के चलते अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से काम रुक गया। नायरा पेट्रोल पंप पर ईंधन का स्टॉक खत्म हो गया, जबकि मार्केटिंग सोसायटी पंप पर बिजली गुल होने और तकनीकी खराबी की वजह से वितरण नहीं हो सका। इन दिक्कतों ने लोगों के बीच घबराहट को और बढ़ा दिया। अंतरराष्ट्रीय तनाव बना अफवाह का आधार माना जा रहा है कि दुनिया के कुछ हिस्सों में चल रहे युद्ध और तनावपूर्ण हालातों की खबरों के कारण लोगों को लगा कि आने वाले दिनों में कीमतें आसमान छू सकती हैं। इसी आशंका ने धीरे-धीरे बड़ी अफवाह का रूप ले लिया और लोग स्टॉक जमा करने की कोशिश करने लगे। कलेक्टर की अपील: पैनिक न हों जिलेवासी स्थिति को देखते हुए कलेक्टर प्रीति यादव ने साफ किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। ईंधन की सप्लाई में कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। लोग किसी भी तरह की झूठी अफवाहों पर भरोसा न करें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं। पंप संचालकों ने भी पुष्टि की है कि जिले में ईंधन की उपलब्धता सामान्य है और घबराहट में खरीदारी करने की कोई आवश्यकता नहीं है।



Source link