Last Updated:
Bhopal News: वकील अनंत संजर एक पारिवारिक मामले की काउंसलिंग के लिए कोर्ट पहुंचे थे. पक्षकार के परिजन ने अचानक अनंत संजर पर हमला कर दिया. हमले में वकील को गंभीर चोट आई है.
आक्रोशित वकीलों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट में एक वकील पर हमला हो गया. वकील पर जज के सामने हमला किया गया और धमकी दी गई. पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायती आवेदन दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल कोर्ट में पूर्व सांसद आलोक संजर के अधिवक्ता बेटे अनंत संजर की पिटाई की गई. पक्षकार के परिजन ने अचानक से वकील पर हमला बोल दिया. हमले में अनंत संजर को गंभीर चोट आई है. मारपीट में उनके कपड़े फट गए. आरोपी ने जज के सामने वकील पर हमला कर धमकी दी.
अधिवक्ता अनंत संजर पत्नी से विवाद के चलते काउंसलिंग के लिए अदालत पहुंचे थे. इस दौरान साले विघुत भटनागर ने अनंत पर हमला कर दिया. उन्हें बुरी तरह पीटा और कपड़े फाड़ दिए. हमले में उन्हें गंभीर चोट आई है. उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. अनंत संजर की ओर से एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. घटना को लेकर वकील आक्रोशित हो गए हैं. फैमिली कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में वकील जमा हुए. पुलिस ने आरोपी को वकीलों से बचाने के लिए फैमिली कोर्ट के अंदर ही बंद कर दिया. बड़ी संख्या में पुलिस भी मौके पर पहुंची. वकील आरोपी को उनके हवाले की मांग कर रहे हैं.
महिला वकील और साथियों से मारपीट
बताते चलें कि पिछले महीने सोनभद्र में रॉबर्ट्सगंज के लोढ़ी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों ने एक महिला वकील से मारपीट की थी. यह टोल प्लाजा राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आता है. राबर्ट्सगंज की रहने वालीं महिला वकील आरती पांडे अपने रिश्तेदार गरिमा सिंह, नवीन कुमार सिंह और अवनीश दुबे के साथ कार से ओबरा की ओर जा रही थीं. लोढ़ी टोल प्लाजा पर लंबा जाम लगा था. नवीन सिंह गाड़ी से उतरकर टोल बूथ पर जाकर जाम की वजह पूछने लगे. इसी दौरान टोलकर्मियों ने उनसे बदतमीजी की और गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर नवीन के अन्य साथी भी बीचबचाव के लिए पहुंचे. जिसके बाद टोलकर्मियों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया.
महिलाओं को धक्का देकर गिराया
हमले में नवीन सिंह को सिर पर गंभीर चोट आई जबकि आरती पांडे, गरिमा सिंह और अवनीश दुबे भी घायल हो गए. पीड़ित पक्ष के अनुसार, टोलकर्मियों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया था, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची. मारपीट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय वकील और सवर्ण आर्मी के सदस्य टोल प्लाजा पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की. इस दौरान टोल प्लाजा और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित पक्ष की तहरीर के बाद दो टोलकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.