खरगोन में मंगलवार देर शाम गणगौर पर्व का समापन ज्वारा विसर्जन के साथ हुआ। शहर के विभिन्न मोहल्लों से 500 से अधिक रथों के चल समारोह निकाले गए। श्रद्धालु नाचते-गाते कुंदा नदी तक पहुंचे, जहां गणगौर घाट पर माताजी की आरती की गई। आतिशबाजी के बीच ज्वारों को विसर्जित किया गया। घाटों पर पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की थी। नदी किनारे होमगार्ड के जवान तैनात रहे। बोरावा में पूर्व मंत्री और कसरावद विधायक सचिन यादव अपनी पत्नी के साथ रथ उठाकर समारोह में शामिल हुए। वेदा नदी घाट पर श्रद्धापूर्वक ज्वारों का विसर्जन किया गया। इस दौरान महिला और पुरुष टोलियों ने भक्ति गीत गाकर आराधना की। जिले के कसरावद, धूलकोट और बालसमुद सहित अन्य स्थानों पर लगातार दो दिनों तक माताजी को बौड़ाने की रस्म निभाई गई। मंगलवार को यह चार दिवसीय गणगौर पर्व संपन्न हुआ।
Source link