डबरा विधायक की गाड़ी से हूटर हटाया: 10 हजार का काटा चालान, न्यायाधीशों ने मोबाइल कोर्ट लगाकर की कार्रवाई – Dabra News

डबरा विधायक की गाड़ी से हूटर हटाया:  10 हजार का काटा चालान, न्यायाधीशों ने मोबाइल कोर्ट लगाकर की कार्रवाई – Dabra News




डबरा में मंगलवार शाम को पिछोर तिराहा और न्यायालय के सामने चार न्यायाधीशों ने मोबाइल कोर्ट लगाकर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान में सबसे ज्यादा चर्चा क्षेत्रीय विधायक सुरेश राजे की गाड़ी पर हुई कार्रवाई की रही। चेकिंग के दौरान जब विधायक सुरेश राजे की स्कॉर्पियो वहां से गुजरी, तो उसमें अवैध रूप से हूटर लगा पाया गया। न्यायाधीशों के निर्देश पर तुरंत गाड़ी से हूटर हटवाया गया और विधायक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई के दौरान एसडीओपी सौरभ कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात था। नाबालिगों और ई-रिक्शा चालकों पर सख्ती अभियान में ई-रिक्शा चालकों पर भी कड़ा रुख अपनाया गया। जांच में सामने आया कि अधिकतर चालकों के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही गाड़ी के कागज। कई नाबालिग बच्चे भी ई-रिक्शा चलाते मिले, जिनके वाहन जब्त कर थाने भिजवाए गए। बाद में उनके माता-पिता को बुलाकर कड़ी हिदायत दी गई। इसी तरह स्कूटी चला रही दो नाबालिग लड़कियों को भी रोककर उनके परिजनों को चेतावनी दी गई। बसों और अन्य वाहनों पर जुर्माना यात्री बसों की जांच में भी काफी कमियां मिलीं। कई बसें क्षमता से अधिक सवारियां भरकर चल रही थीं और उनके पास प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) भी नहीं थे। न्यायाधीश सृष्टि शाह ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और नियमों का पालन करवाने के लिए यह मोबाइल कोर्ट लगाई गई थी। 4 घंटे में 60 हजार की वसूली लगभग चार घंटे चले इस अभियान में न्यायाधीश देवांश अग्रवाल, सृष्टि शाह, राजेश्वरी जर्मन और आयुषी अग्रवाल की मौजूदगी में कुल 40 वाहनों के चालान काटे गए। बिना नंबर प्लेट, सीट बेल्ट, हूटर और ब्लैक फिल्म जैसे नियमों को तोड़ने वालों से कुल 60 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।



Source link