पीक आवर्स में ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित यातायात सिस्टम से परेशान शहर के लिए ई-रिक्शा अब गंभीर परेशानी बनते जा रहे हैं। रॉन्ग साइड से ई-रिक्शा की बेधड़क एंट्री और तेज रफ्तार के कारण शहर में लगातार हादसे हो रहे हैं। शहर का ऐसा कोई रूट नहीं बचा जहाँ ई-रिक्शा की वजह से ट्रैफिक बिगड़ नहीं रहा हो या हादसे नहीं हो रहे हों। पुलिस प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और लापरवाही थम नहीं रही है। एक सप्ताह में 10 से ज्यादा हादसे ई-रिक्शा के कारण हो चुके हैं। दो लोगों के कंधे फ्रैक्चर हुए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि ई-रिक्शा के व्यवस्थित संचालन को लेकर साल भर में आठ से ज्यादा बैठकें हो चुकी हैं। कई बार बड़े फैसले भी हुए और उन्हें लागू करने की कवायद भी हुई, लेकिन कोई भी निर्णय लागू नहीं हो सका। हालांकि पुलिस-प्रशासन का दावा है कि 26 मार्च से ई-रिक्शा के लिए नया प्लान लागू होगा। इसके तहत ई-रिक्शा चार जोन में बंटेंगे। नियम तोड़ने वाले व नशे में ई-रिक्शा चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग व नशे में गाड़ियां नहीं चला पाएंगे
हमने ई-रिक्शा को लेकर एक नया सिस्टम बना दिया है। शहर के करीबन 10500 ई-रिक्शाओं को चार जोन में 8-8 थानों के बीच विभाजित कर दिया है। इनका रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। यह भी तय किया जा रहा है कि नशा कर और नाबालिग ई-रिक्शा नहीं चलाएंगे। यदि वे ई-रिक्शा चलाते पाए गए तो उन्हें जब्त करके कानूनी कार्रवाई करेंगे।
– राजेश दंडो़तिया, एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच केस-1 : ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, कंधा टूटा
सिलावटपुरा से गंगवाल बस स्टैंड के बीच टू-व्हीलर से जा रहे सतीश जिंदल को अचानक से रॉन्ग साइड आ रहे ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। इससे वे मौके पर ही गिर गए। बाद में लोगों ने उठाया और अस्पताल पहुंचाया। उन्हें कंधे में फ्रैक्चर हुआ है। रॉड भी डली है। अब डेढ़ महीने का बेड रेस्ट कहा है।
केस-2 : भाई को छोड़ने गए युवक को टक्कर मारी
बर्फानीधाम के पास रहने वाला एक युवक अपने छोटे भाई को छोड़कर वापस आ रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मारकर गिरा दिया। ई-रिक्शा चालक भाग गया, युवक का कंधा टूट गया। उसका अब ऑपरेशन किया गया। लोगों ने बताया ई-रिक्शा चालक काफी तेजी से वाहन चला रहा था। केस-3 : बाइक को पीछे से मारी टक्कर
कालानीनगर चौराहे पर तीन दिन पहले टू-व्हीलर से जा रहे 64 वर्षीय वरिष्ठजन को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। वरिष्ठजन मौके पर ही गिर गए, उनके पैर और कमर में चोट आई है। इसकी वजह से चलना-फिरना बंद हो गया है।
Source link