Last Updated:
5 batsman Most runs in a calendar year in ODI: क्रिकेट की दुनिया में रिकॉर्ड्स बनते और टूटते रहते हैं. लेकिन सचिन तेंदुलकर का 1998 का वो ‘तूफान’ आज भी इतिहास के पन्नों में अमर है. 28 साल पहले मास्टर ब्लास्टर ने एक कैलेंडर ईयर में 1894 रन बनाकर जो विश्व कीर्तिमान स्थापित किया, उसे आज तक दुनिया का कोई भी बल्लेबाज हिला नहीं सका. इस लिस्ट में गांगुली, द्रविड़ और हेडन जैसे दिग्गजों का नाम तो है, लेकिन सचिन का शिखर सबसे ऊंचा है. दुनिया के उन टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं जिन्होंने एक ही साल में रनों का अंबार लगा दिया.
दुनिया के वो पांच बल्लेबाजों जिन्होंने वनडे में एक साल में बनाए सबसे ज्यादा रन.
नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में रिकॉर्ड्स आए दिन बनते हैं और टूटते हैं. लेकिन कुछ कीर्तिमान ऐसे होते हैं जो समय की कसौटी पर पत्थर की लकीर बन जाते हैं. साल 1998… भारतीय क्रिकेट के इतिहास का वो सुनहरा साल, जब शारजाह के रेगिस्तान में ‘सैंडस्टॉर्म’ आया था. सचिन तेंदुलकर के बल्ले से निकली उस सुनामी ने एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड कायम किया, जिसे आज 28 साल बीत जाने के बाद भी दुनिया का कोई भी बल्लेबाज छू तक नहीं सका है. वनडे क्रिकेट के उन 5 महान बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. उस साल को अगर ‘सचिन बनाम दुनिया’ कहा जाए तो गलत नहीं होगा. उस साल मास्टर ब्लास्टर ने सिर्फ 34 मैचों में 65.31 की औसत से 1894 रन बनाए थे. इसमें सबसे हैरान करने वाली बात उनका 102.15 का स्ट्राइक रेट था, जो उस दौर में अकल्पनीय माना जाता था.
सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने उस साल 9 शतक और 7 अर्धशतक लगाए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शारजाह की वो दो पारियां (डेजर्ट स्टॉर्म) आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में ताजा हैं. 28 साल हो गए, लेकिन 1800 रनों का यह आंकड़ा पार करना आज के दौर के दिग्गजों के लिए भी एक सपना बना हुआ है. सचिन के ठीक एक साल बाद भारतीय क्रिकेट के ‘दादा’ यानी सौरव गांगुली ने दुनिया को अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया. 1999 के विश्व कप वाले साल में गांगुली ने 41 मैचों में 1767 रन बनाए. श्रीलंका के खिलाफ टांटन में खेली गई उनकी 183 रनों की पारी आज भी वनडे इतिहास की सबसे आक्रामक पारियों में गिनी जाती है. गांगुली ने उस साल 4 शतक और 10 अर्धशतक जड़े थे.
दुनिया के वो पांच बल्लेबाजों जिन्होंने वनडे में एक साल में बनाए सबसे ज्यादा रन.
राहुल द्रविड़ ने 1999 में बनाए 1761 रन
अक्सर ‘द वॉल’ कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को लोग टेस्ट का विशेषज्ञ मानते थे. लेकिन 1999 में उन्होंने सबका भ्रम तोड़ दिया. उसी साल जब गांगुली रनों की बरसात कर रहे थे, द्रविड़ ने भी 43 मैचों में 1761 रन बनाकर तहलका मचा दिया था. द्रविड़ ने उस साल 6 शतक लगाए और गांगुली के साथ मिलकर विश्व कप में कई यादगार साझेदारियां कीं. यह भारतीय क्रिकेट का वह दौर था जब टॉप-3 में सचिन, सौरव और राहुल की तिकड़ी दुनिया के किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने का माद्दा रखती थी.
1998 से पहले सचिन तेंदुलकर ने 1996 में भी बनाया कीर्तिमान
सचिन तेंदुलकर इस लिस्ट में अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका नाम दो बार आता है. 1998 से पहले 1996 का विश्व कप वाला साल भी सचिन के नाम रहा था.उन्होंने 32 मैचों में 53.70 की औसत से 1611 रन बनाए थे. इसी साल सचिन ने ओपनिंग में अपनी धाक जमानी शुरू की थी और 6 शतक लगाकर यह साबित कर दिया था कि वे आने वाले समय में क्रिकेट के भगवान क्यों कहलाएंगे.
मैथ्यू हेडन के 1601 रन
टॉप 5 में एकमात्र गैर-भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर मैथ्यू हेडन (Matthew Hayden) हैं. 2007 के विश्व कप में हेडन का बल्ला आग उगल रहा था. उन्होंने उस साल 32 मैचों में 1601 रन बनाए. हेडन की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 181 रन था और उन्होंने लगभग 90 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे.
क्यों नहीं टूट पा रहा सचिन का 28 साल पुराना रिकॉर्ड
आज के दौर में टी-20 क्रिकेट का बोलबाला है, पिचें पहले से ज्यादा सपाट हैं और बल्लेबाजों के पास बेहतर तकनीक है. फिर भी सचिन का 1894 रनों का रिकॉर्ड सुरक्षित क्यों है. इसके कुछ प्रमुख कारण हैं. अब टीमें साल भर में उतने वनडे मैच नहीं खेलतीं जितने 90 के दशक में खेले जाते थे. अब फोकस टी-20 और टेस्ट चैंपियनशिप पर ज्यादा है. बड़े बल्लेबाज अब हर छोटी सीरीज नहीं खेलते. उन्हें बड़े टूर्नामेंट्स के लिए आराम दिया जाता है, जिससे उनके रनों का कुल योग कम रह जाता है. सचिन के दौर में टी-20 नहीं था, जिससे खिलाड़ी वनडे और टेस्ट पर पूरी तरह फोकस कर पाते थे.आज खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट की थकान के कारण अपनी लय खो देते हैं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें