सागर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व आज आएंगे मुख्यमंत्री: चीता प्रोजेक्ट के तहत सॉफ्ट रिलीज बीमा का करेंगे भूमिपूजन, कछुए छोड़ेंगे – Sagar News

सागर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व आज आएंगे मुख्यमंत्री:  चीता प्रोजेक्ट के तहत सॉफ्ट रिलीज बीमा का करेंगे भूमिपूजन, कछुए छोड़ेंगे – Sagar News




मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर सागर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व आ रहे हैं। वे चीता प्रोजेक्ट के तहत सॉफ्ट रिलीज बोमा का भूमिपूजन करेंगे और बामनेर नदी में 12 कछुए छोड़ेंगे। हालांकि, देर रात तक दौरे का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, लेकिन सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर संभाग कमिश्नर और आईजी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले लिया है। अधिकारियों ने किया हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी और पुलिस महानिरीक्षक (IG) हिमानी खन्ना ने कलेक्टर संदीप जीआर, पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल और मुख्य वन संरक्षक दीपू दमन सिंह भदोरिया के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हेलीपैड, भूमि पूजन स्थल और बामनेर नदी तट सहित अन्य संबंधित स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। कमिश्नर और आईजी ने दिए सुरक्षा व व्यवस्थाओं के निर्देश संभाग कमिश्नर सुचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, विद्युत और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं समय सीमा में पूरी की जाएं। साथ ही आमजन की सुविधा के लिए पार्किंग और यातायात नियंत्रण के व्यापक इंतजाम करने को कहा। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (QRT) की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। 2339 वर्ग किमी में फैला है प्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। यह सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिले के 72 ग्रामों को जोड़ते हुए कुल 2339 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसे वर्ष 2023 में टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। वर्तमान में इस टाइगर रिजर्व में 32 टाइगर मौजूद हैं। कूनो से लाए जाएंगे चीते, भेड़ियों की भूमि है अभयारण्य इस अभयारण्य को मुख्य रूप से भेड़ियों की भूमि माना जाता है, क्योंकि यहां सर्वाधिक भेड़िये पाए जाते हैं। टाइगर रिजर्व में चीतों के अनुकूल भूमि उपलब्ध है, जिस प्रकार की भूमि दक्षिण अफ्रीका में पाई जाती है। इसी अनुकूलता को देखते हुए जल्द ही कूनो अभयारण्य से चीतों को लाकर यहां बसाया जाएगा। टाइगर रिजर्व में बाघ और भेड़िया के अलावा पैंथर, भालू, सियार, लकड़बग्घा, लोमड़ी, जंगली सुअर, नीलगाय, चौसिंगा, काला हिरण, चिंकारा, कछुआ और मगरमच्छ सहित कई वन्यजीव मौजूद हैं।



Source link