मंडला जिले के नैनपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध सागौन कटाई के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात सर्किल पोड़ी बीट के कक्ष क्रमांक 82 में दबिश देकर विभाग ने चार आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से सागौन की कीमती लकड़ी बरामद की गई है, जिसे अवैध रूप से काटकर ले जाने की तैयारी थी। वन विभाग ने देर रात दी दबिश वन विभाग को देर रात करीब 12:30 बजे जंगल में अवैध कटाई की सटीक सूचना मिली थी। डिप्टी रेंजर लोकेश कुमार भारतीया और बीट गार्ड शंकर टिकरिया के नेतृत्व में टीम ने तत्काल घेराबंदी की। मौके से इटका निवासी ओंकार उईके को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर बाद में उसके तीन अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया। 10 नग सागौन चिरान और कीमती लकड़ी बरामद तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से सागौन की 10 नग चिरान जब्त की गई है। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.144 घन मीटर मापी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार रुपए है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओंकार उईके, पंचम सिंह, भागचंद और शिवकुमार बरमैया (सभी निवासी ग्राम इटका) के रूप में हुई है। भारतीय वन अधिनियम में केस वन विभाग ने सभी चारों आरोपियों पर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 के तहत केस दर्ज किया है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या ये आरोपी पूर्व में भी लकड़ी तस्करी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। क्षेत्र में अवैध कटाई रोकने के लिए गश्त तेज कर दी गई है।
Source link