Last Updated:
Shivpuri News: गुप्तेश्वर महादेव मंदिर (Gupteshwar Mahadev Temple) के बारे में मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन और श्रद्धा के साथ यहां भोलेनाथ के दर्शन करने आता है, उसकी हर मनोकामना जरूर पूरी होती है. यही वजह है कि यहां हर दिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं.
शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से लगभग 75 किलोमीटर दूर प्राकृतिक सौंदर्य और ऊंची-ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर आस्था का एक अद्भुत केंद्र बना हुआ है. 16वीं शताब्दी में स्थापित यह प्राचीन मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और आज भी अपनी रहस्यमयी संरचना और चमत्कारिक मान्यताओं के कारण श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है. पहले के समय में इस मंदिर तक पहुंचना बेहद कठिन हुआ करता था. दुर्गम रास्ते, घने जंगल और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी मार्ग श्रद्धालुओं की आस्था की परीक्षा लेते थे लेकिन स्थानीय लोगों की मेहनत और सहयोग से अब यहां तक पहुंचना काफी सुगम हो गया है. आज यह मंदिर न केवल शिवपुरी बल्कि आसपास के जिलों और राज्यों के लोगों के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है.
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के बारे में मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन और श्रद्धा के साथ यहां भगवान शिव के दर्शन करने आता है, उसकी हर मनोकामना जरूर पूरी होती है. यही कारण है कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं. खास बात यह है कि यह मंदिर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा के बीच स्थित है, जिससे दोनों राज्यों के श्रद्धालु यहां बड़ी संख्या में आते हैं और अपनी आस्था प्रकट करते हैं.
सावन माह में लगता है भव्य मेला
श्रावण मास के दौरान इस मंदिर की महिमा और भी बढ़ जाती है. दिनारा क्षेत्र में हर साल श्रावण मास में भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. दूर-दूर से आए भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं और पूजा-अर्चना कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करते हैं. मेले के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग जाता है और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठता है.
रियासत काल का है मंदिर
मंदिर के पुजारी उपेंद्र तिवारी लोकल 18 को बताते हैं कि पहले यहां शिवभूषण तिवारी पूजा-अर्चना किया करते थे, जिनके बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली. उनके अनुसार, यह मंदिर रियासत काल का है और पहले इसे एक गुप्त स्थल के रूप में जाना जाता था. यही वजह है कि इसका नाम गुप्तेश्वर महादेव पड़ा.
मंदिर से जुड़ी एक और रहस्यमयी मान्यता
मंदिर से जुड़ी एक और रहस्यमयी मान्यता लोगों को बेहद आकर्षित करती है. माना जाता है कि यहां एक लंबी गुप्त सुरंग स्थित है, जो कई अन्य प्राचीन मंदिरों से होकर गुजरती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सुरंग दतिया जिले के खमेरा गांव स्थित कपिल मुनि आश्रम तक जाती है. हालांकि इस सुरंग के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है लेकिन यह कथा श्रद्धालुओं के बीच उत्सुकता और विश्वास का विषय बनी हुई है. खमेरा स्थित कपिल मुनि आश्रम भी अपने आप में एक पवित्र स्थल माना जाता है, जहां दूर-दूर से साधु-संत और श्रद्धालु पहुंचते हैं. मान्यता है कि गुप्तेश्वर महादेव मंदिर और इस आश्रम के बीच आध्यात्मिक संबंध है, जो इस क्षेत्र की धार्मिक महत्ता को और बढ़ाता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.