छतरपुर जिले के हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को हुए हादसे में मृत युवक की पहचान बुधवार को हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय शमसाद अंसारी, निवासी कुलपहाड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शमसाद अंसारी दिल्ली से महाकोशल एक्सप्रेस में अपने घर लौट रहे थे। सोमवार को हरपालपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह पानी पीने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरे थे। पानी पीने के बाद जब वह दोबारा ट्रेन में चढ़ने लगे, तभी उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गए। 2 दिन शव छतरपुर जिला अस्पताल में रखा रहा
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके चलते शव को पीएम हाउस के फ्रीजर में रखा गया था। बुधवार को परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद युवक की पहचान हो सकी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link