Last Updated:
Ram Navami 2026: अगर परिवार में बिना वजह विवाद या गृह क्लेश बना रहता है, तो रामनवमी पर राम दरबार के समक्ष घी या तेल का दीपक जरूर जलाएं. इसके साथ श्रद्धा और विश्वास से ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ का 108 बार जाप करें.
उज्जैन. हिंदू धर्म में चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को भगवान श्रीराम का पावन जन्मोत्सव रामनवमी के रूप में मनाया जाता है. मान्यता है कि इसी शुभ दिन राजा दशरथ और माता कौशल्या के घर रामलला का अवतार हुआ था. इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, रामनवमी पर किए गए विशेष उपायों से भगवान राम की कृपा बनी रहती है और भक्तों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं. हिंदू पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि 26 मार्च को सुबह 11:48 बजे के लगभग शुरू होगी और 27 मार्च को सुबह 10:06 बजे समाप्त होगी. ऐसे में कई लोग 26 मार्च को भी मनाएंगे लेकिन जो उदयातिथि मानते हैं, वे 27 मार्च को रामनवमी मनाएंगे.
गृह क्लेश से छुटकारा पाने का उपाय
यदि परिवार में बिना कारण विवाद या गृह क्लेश बना रहता है, तो रामनवमी के दिन राम दरबार के समक्ष घी या तेल का दीपक अवश्य जलाएं. इसके साथ श्रद्धा और विश्वास से ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ का 108 बार जाप करें. यह उपाय घर में सुख-शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आपसी प्रेम को बढ़ाने में सहायक माना जाता है.
अच्छे स्वास्थ्य के लिए उपाय
यदि लंबे समय से बीमारी आपका साथ नहीं छोड़ रही है, तो रामनवमी की पावन संध्या पर हनुमान जी के मंदिर जाएं और श्रद्धा से हनुमान चालीसा का पाठ करें. मान्यता है कि सच्चे मन से की गई यह साधना रोगों से राहत दिलाती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है.
विवाह बाधा के निवारण का उपाय
यदि विवाह में बाधाएं आ रही हों या शादी का योग बन नहीं पा रहा हो, तो रामनवमी की शाम यह सरल उपाय जरूर करें. भगवान राम और माता सीता को श्रद्धा से हल्दी, कुमकुम और चंदन अर्पित करें. मान्यता है कि इस उपाय से विवाह में आ रही रुकावटें दूर होती हैं और शुभ योग बनने लगते हैं.
आर्थिक तंगी से छुटकारे का उपाय
अगर कड़ी मेहनत के बावजूद सफलता नहीं मिल रही, तो रामनवमी की शाम यह उपाय जरूर करें. एक लाल कपड़े में 11 गोमती चक्र, 11 कौड़ी, 11 लौंग और 11 बताशे बांधकर मां लक्ष्मी और भगवान राम को अर्पित करें. साथ ही जल से भरी कटोरी रखकर राम रक्षा मंत्र का 108 बार जाप करें. इससे धन लाभ के योग बनते हैं.
संतान प्राप्ति के लिए उपाय
संतान सुख की इच्छा रखने वाले लोग रामनवमी के दिन एक नारियल लेकर उसे लाल कपड़े में श्रद्धापूर्वक लपेटें और मां सीता को अर्पित करें. पूजन के दौरान ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का 108 बार जाप करें. मान्यता है कि इस विधि से भगवान की कृपा प्राप्त होती है और संतान प्राप्ति के योग प्रबल होते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.