डोडा चूरा की तस्करी कर रहा था बीजेपी नेता, अब कोर्ट ने सुनाई 14 साल की सजा

डोडा चूरा की तस्करी कर रहा था बीजेपी नेता, अब कोर्ट ने सुनाई 14 साल की सजा


Last Updated:

Gwalior News: ट्रक में असम से 1900 किलो डोडा चूरा भरकर मध्य प्रदेश के मंदसौर में सप्लाई हो रहा था. भूसे के बीच प्लास्टिक की बोरियों में डोडा चूरा भरकर रखा गया था.

Zoom

बीजेपी नेता विवेक पोरवाल को 14 साल की सजा मिली है.

रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश के मंदसौर में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता को सजा सुनाई गई है. डोडा चूरा तस्करी मामले में यह सजा मिली है. भाजपा नेता का नाम विवेक पोरवाल है. पोरवाल समेत दो लोगों को सजा मिली है. ग्वालियर की NDPS कोर्ट ने दोनों को 14 साल कैद की सजा सुनाई है. दोनों दोषियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. अदालत ने इस मामले में सबूतों के अभाव में दो आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है. एक अन्य आरोपी को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी. जिसके बाद से वह फरार चल रहा है. मामला 23 सितंबर 2022 का है. विवेक पोरवाल और एक अन्य डोडा चूरा तस्करी मामले में शामिल थे. ग्वालियर की मोहना पुलिस ने डोडा चूरा से भरा ट्रक पकड़ा था. ट्रक में भारी मात्रा में डोडा चूरा भरा था. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी.

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में असम से 1900 किलो डोडा चूरा भरकर मंदसौर में सप्लाई हो रहा था. डोडा चूरा भूसे के बीच प्लास्टिक की बोरियों में भरा था. मंदसौर के भाजपा नेता विवेक पोरवाल का भूसे का कारोबार था, जिसकी आड़ में डोडा चूरा सप्लाई किया जा रहा था.

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की थी जांच
पुलिस ने नशे की बरामदगी के साथ ट्रक को जब्त किया था. विवेक और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई. अब इसी मामले में एनडीपीएस कोर्ट ने दोनों को 14 साल की सजा सुनाई है. दोनों दोषियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.

बीजेपी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष गांजा तस्करी में गिरफ्तार
बताते चलें कि पिछले साल महाराष्ट्र के नागपुर जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था. पुलिस ने काटोल ग्रामीण मंडल के बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था. नागपुर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में वैभव दिलीप काले (28) भी शामिल था. वैभव न सिर्फ बीजेपी युवा मोर्चा काटोल ग्रामीण का अध्यक्ष था बल्कि डोर्ली भांडवलकर गांव का सरपंच भी था. इस मामले में मुख्य आरोपी समीर राउत एक सामाजिक संगठन चलाता था. सूचना मिलने के बाद काटोल पुलिस और NDPS सेल की संयुक्त टीम ने गोपनीय तरीके से यह कार्रवाई की. पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link