जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक गेम जोन क्लब में लगी भीषण आग ने सनसनी फैला दी। घंटों की मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया और देर रात पुलिस अंदर पहुंची, तो जले हुए मलबे में एक युवक का नर कंकाल मिला। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मानेगांव-चूल्हा गोलाई क्षेत्र स्थित फनिंगो गेम जोन क्लब में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जबलपुर और बरगी से दमकल वाहनों को बुलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। इसके बाद पुलिस जब अंदर जांच के लिए पहुंची, तो वहां एक जला हुआ शव मिला, जो पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था। शुरुआती सर्च में दमकल टीम ने किसी जनहानि से इंकार किया था, लेकिन दोबारा सर्च में यह खुलासा हुआ। शॉर्ट सर्किट की आशंका, कर्मचारी हो सकता है मृतक प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि आग में झुलसा युवक क्लब का ही कर्मचारी हो सकता है। घटना के वक्त क्लब में कुछ कर्मचारी, एक वेल्डर और अन्य लोग मौजूद थे, जो आग लगते ही बाहर भाग गए। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, शव भेजा मेडिकल कॉलेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। मौके से मिले नर कंकाल का पंचनामा कर उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। क्लब मालिक का मोबाइल बंद घटना के बाद से क्लब मालिक का मोबाइल फोन बंद है, जिससे जांच और भी उलझ गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Source link