कटनी जिले के लोहरवारा गांव के पास गुरुवार शाम एक 30 वर्षीय युवक का शव मिला। विलायत कला-स्लीमनाबाद मार्ग पर सड़क से काफी दूर युवक का शव और उसकी क्षतिग्रस्त बाइक बरामद हुई है। मृतक की पहचान राजभान (30), निवासी ग्राम कटरा (ढीमरखेड़ा) के रूप में हुई है। चरवाहों ने झाड़ियों में देखा, पुलिस को दी सूचना घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार शाम मवेशी चरा रहे चरवाहों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। शव के पास ही उसकी बाइक और शराब की कुछ बोतलें भी बिखरी हुई मिलीं। चरवाहों ने तत्काल ग्रामीणों और बड़वारा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के. पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। बुधवार शाम से लापता था युवक परिजनों ने बताया कि राजभान बुधवार शाम को अपने घर से विलायत कला जाने की बात कहकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार शाम उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। हर एंगल से जांच कर रही पुलिस प्रारंभिक जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे सड़क हादसे का मामला मान रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई होगी, जिससे राजभान के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, शराब की बोतलों की मौजूदगी और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए अन्य पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है। थाना प्रभारी के. पटेल ने बताया- मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना के समय युवक के साथ कोई और तो मौजूद नहीं था।
Source link