Last Updated:
Lahore Qalandars beat Hyderabad Kingsmen: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत हो चुकी है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समैन के बीच खेला गया. इस सीजन के पहले मैच में लाहौर की टीम ने 69 रन से हैदराबाद को हराकर टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज किया है.
लाहौर कलंदर्स ने हैदराबाद किंग्समैन को हराया
नई दिल्ली: फखर जमां की तूफानी फिफ्टी के बाद कसी हुई गेंदबाजी से लाहौर कलंदर्स ने पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के पहले मैच में हैदराबाद किंग्समैन को 69 रनों से हरा दिया. मुकाबले में लाहौर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान पर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 20 ओवर में 130 रन बनाकर सिमट गई.
लाहौर की तरफ से गेंदबाजी में उबैद शाह, सिकंदर रजा और हारिस रउफ कमाल का खेल दिखाया. इन तीनों गेंदबाजों ने लाहौर कलंदर्स के लिए 2-2 विकेट अपने नाम किए. वहीं कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और मुस्ताफिजुर रहमान के खाते में भी 1-1 आया. इस तरह लाहौर ने दमदार गेंदबाजी से हैदराबाद को ओपनिंग मैच में बुरी तरह रौंद दिया.
फखर जमां रहे सीजन ओपनर के प्लेयर ऑफ द मैच
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के पहले मैच में ओपनर बल्लेबाज फखर जमां हीरो रहे. लाहौर के लिए पारी की शुरुआत करते हुए फखर ने धुआंधार खेल दिखाया और 39 गेंद में 53 रन कूट दिए. अपनी इस पारी में फखर जमां ने बिना कोई सिक्स लगाए 10 चौके जड़े. फखर ने मोहम्मद नईम के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 84 रनों की पार्टनरशिप की. फखर जमां को उनकी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. लाहौर के लिए नईम 19 गेंद में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए.
इसके अलावा लाहौर की तरफ से हसीबउल्ला खान ने भी बल्लेबाजी में कमाल दिखाया. हसीब ने 28 गेंद में 40 रनों का योगदान दिया. अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया. इसके साथ सिकंदर रजा ने भी 10 गेंद में 24 रनों की पारी खेली, जबकि परवेज हुसैन इमोन ने 14 रन बनाए.
हैदराबाद की बल्लेबाजी बुरी तरह रही फेल
वहीं इस मुकाबले में हैदराबाद किंग्समैन की बात करें तो उसकी बल्लेबाजी बुरी तरह से फेल रही. टीम के लिए कप्तान मार्नस लाबुशेन सर्वोच्च स्कोरर रहे. लाबुशेन ने 22 गेंद में 26 रनों की पारी खेली. इसके अलावा और कोई भी बल्लेबाज हैदराबाद के लिए कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया, जिसके कारण टीम को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें