Last Updated:
ग्वालियर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं. परिवार शीतला माता मंदिर से लौट रहा था. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पेड़ से जा टकराया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है.
ग्वालियर में शुक्रवार तड़के भयानक हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
ग्वालियर. शहर के परशुराम चौराहे पर शुक्रवार तड़के हुआ सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा टक्कर मारी जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई. ऑटो में सवार परिवार शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था. खुशियों से भरा परिवार कुछ ही सेकंड में मातम में बदल गया. ऑटो में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो का ड्राइवर शराब के नशे में था और पुलिस से बचने के लिए तेजी से गाड़ी चला रहा था. जानकारी के अनुसार अमन शर्मा 26 साल निवासी गोविंदपुरी को हिरासत में लिया गया है.
इस हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू किया. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि स्कॉर्पियो पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मार चुकी थी और पुलिस उसका पीछा कर रही थी.
पीछे से मारी टक्कर, ऑटो उछलकर पेड़ से टकराया
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ. ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही ऑटो परशुराम चौराहे के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ऑटो उछलकर पास के नीम के पेड़ से जा टकराया. हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसमें बैठे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. कई लोग ऑटो में ही फंस गए. स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से घायलों को बाहर निकाला.
मरने वालों की पहचान
इस हादसे में इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य, लीला, शुभम उर्फ लाली, प्रीति कश्यप और शगुन की मौत हो गई. सभी एक ही परिवार से जुड़े थे. परिवार के कई सदस्य एक साथ खत्म हो जाने से इलाके में गहरा शोक है. हादसे में प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) सहित अन्य लोग घायल हुए हैं. बच्चों की हालत को देखते हुए डॉक्टर विशेष निगरानी में इलाज कर रहे हैं.
चश्मदीदों का दावा
प्रत्यक्षदर्शी भूरा ने बताया कि स्कॉर्पियो पहले बस स्टैंड पर एक ई-रिक्शा को टक्कर मार चुकी थी. इसके बाद पुलिस उसका पीछा कर रही थी. तेज रफ्तार में भागते हुए चालक ने ऑटो को टक्कर मार दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है. ड्राइवर का मेडिकल कराया जा रहा है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें