राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़खेड़ा गांव में शुक्रवार को कटी फसल के बाद बचे अवशेष (नरवाई) में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलकर पास के दूसरे और तीसरे खेत तक पहुंच गई। खेतों से उठती लपटें देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और डायल-112 पर सूचना दी गई। आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही टीआई मंजू मखेनिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला। फायर ब्रिगेड में देरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा राजगढ़, खिलचीपुर, खुजनेर और छापीहेड़ा की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोई टीम नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस ने खुद आग बुझाने की पहल की। टीआई के निर्देश पर पुलिसकर्मी मोइन खान, ललित तोमर और सहाब सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खाखरे के पत्तों और टहनियों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद राजगढ़ की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तब तक आग काफी हद तक काबू में आ चुकी थी, जिसके बाद पानी का छिड़काव कर पूरी तरह बुझाया गया। समय पर किए गए प्रयासों से आग को गांव की ओर बढ़ने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
Source link