शिवपुरी में रामनवमी पर भव्य चल समारोह: झांकियां और दुर्गा वाहिनी का प्रदर्शन, जगह-जगह पुष्प वर्षा – Shivpuri News

शिवपुरी में रामनवमी पर भव्य चल समारोह:  झांकियां और दुर्गा वाहिनी का प्रदर्शन, जगह-जगह पुष्प वर्षा – Shivpuri News




शिवपुरी शहर में रामनवमी के अवसर पर भव्य श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। पुरानी शिवपुरी स्थित राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में विश्व हिंदू बजरंग दल द्वारा मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी सजाई गई और रामदरबार की विशेष पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर के प्रमुख मार्गों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह चल समारोह झांसी रोड से शुरू होकर नीलगर चौराहा, पुरानी शिवपुरी, बड़े बाजार, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड, अग्रसेन चौक, अस्पताल चौराहा और कोर्ट रोड होते हुए माधव चौक पर समाप्त हुआ। कार्यक्रम में तुलसी आश्रम के महंत महामंडलेश्वर पुरुषोत्तमदास जी महाराज, बांकड़े हनुमान मंदिर के महंत गिरीश जी दुबे, संघ के विभाग संघ चालक डॉ. गोविंद सिंह, बजरंग दल के रामसिंह यादव और मुख्य वक्ता के रूप में बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) विश्ववर्धन सिंह भट्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पूरे शहर में भक्तिपूर्ण वातावरण देखा गया। जगह-जगह भगवा ध्वज लगाए गए थे और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था। शोभायात्रा के दौरान शहर के नागरिकों ने जगह-जगह पेय पदार्थ और आइसक्रीम का वितरण कर स्वागत किया। इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी की बहनों ने भी अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। उन्होंने तलवार, कटार और लाठी का शानदार प्रदर्शन कर नारी शक्ति के जागरण का संदेश दिया। दुर्गा वाहिनी की बहनें पूरे चल समारोह में आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।



Source link