ऑनलाइन रकम भी हड़पी; अब केस दर्ज कराया‎: भूत भगाने के नाम पर श्मशान में पूजा… दंपती से ठगे 2.30 लाख – Khandwa News

ऑनलाइन रकम भी हड़पी; अब केस दर्ज कराया‎:  भूत भगाने के नाम पर श्मशान में पूजा… दंपती से ठगे 2.30 लाख – Khandwa News




जावर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक दंपती को भूत-प्रेत का डर दिखाकर ढोंगी बाबा और उसके चेले ने 2 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए। आरोपियों ने दो माह तक पूजा-पाठ और शुद्धि के नाम पर दंपती से नकद व ऑनलाइन रकम ऐंठी। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीआई श्याम सिंह भादले के अनुसार 35 वर्षीय महिला और उसके पति की शिकायत पर कोठरा (शिवपुर) निवासी पंकज नाथ और एक कथित बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने बताया कि जनवरी में प्रसव के दौरान बच्चे की मौत और पारिवारिक परेशानियों के चलते वे मानसिक रूप से परेशान थे। इसी दौरान पंकज नाथ ने उन्हें भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर बैतूल के एक बाबा से पूजा कराने का झांसा दिया। ‘शुद्धि’ के नाम पर पैसे लिए, लौटाने का भरोसा दिया, फिर हड़प लिए
31 जनवरी को आरोपी पति को हंडिया (हरदा) स्थित नर्मदा किनारे श्मशान ले गए, जहां रात में पूजा कराकर 35 हजार रुपए हंडी में रखवा लिए। बाद में घर पर भी पूजा के बहाने महिला और उसकी ननंद को नशीला पदार्थ पिलाया गया। आरोपियों ने घर में रखे रुपए ‘शुद्धि’ के नाम पर ले लिए और लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की। इसके बाद आरोपियों ने अनहोनी और जान का डर दिखाकर 95 हजार रुपए ऑनलाइन भी ट्रांसफर करा लिए। कुल 2.30 लाख रुपए ठगने के बाद दोनों फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। नशीला पदार्थ पिलाकर हड़पे 1 लाख रुपए पीड़िता के अनुसार आरोपी घर आए और भभूत व पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। नशे की हालत में उनसे 1 लाख रुपए लेकर लाल कपड़े में बांधकर ‘शुद्धि’ के नाम पर अपने साथ ले गए, जो बाद में वापस नहीं किए।



Source link