Last Updated:
खरगोन में रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है. 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है. 2022 में हुई हिंसा के बाद इस बार सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जुलूस तालाब चौक से निकलेगा और महाआरती के साथ समापन होगा.
खरगोन शहर में पुलिस ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था की है.
खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन शहर में रामनवमी पर निकलने वाले जुलूस को लेकर प्रशासन इस बार भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद तालाब चौक से भव्य जुलूस निकलेगा. इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. 2022 में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा और आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं चाहता. यही वजह है कि इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन का फोकस भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील इलाकों की निगरानी और अफवाहों पर रोक लगाने पर है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
जुलूस का रूट और आयोजन
रामनवमी का जुलूस तालाब चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकलेगा. इस दौरान 17 झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी. जुलूस में 15 डीजे, ढोल-ताशे और 4 अखाड़े भी शामिल होंगे. धार्मिक उत्साह के साथ शहर को भगवामय रूप दिया गया है. आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
महाआरती के साथ होगा समापन
जुलूस पूरे शहर में भ्रमण करने के बाद रात 12 बजे बस स्टैंड स्थित श्रीराम धर्मशाला पहुंचेगा. यहां भगवान श्रीराम की महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
2022 की घटना से सबक
10 अप्रैल 2022 को रामनवमी जुलूस के दौरान शहर में पथराव की घटना हुई थी. इसके बाद हालात बेकाबू हो गए थे और कई स्थानों पर आगजनी और हिंसा हुई थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा था, जो करीब एक महीने तक चला. इस घटना ने प्रशासन और आम लोगों को झकझोर दिया था. पिछली घटना से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
पुलिस प्रशासन का बयान
एसपी डॉ रविंद्र वर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें