ग्वालियर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ग्वालियर में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ऐप और व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क कर एक डॉक्टर के बेटे से 36.66 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। आरोपी ने शेयर और आईपीओ में निवेश पर 800 फीसदी तक मुनाफा देने का झांसा दिया था।
घटना 21 अगस्त 2025 की है, जो थाटीपुर थाना क्षेत्र के सत्यदेव नगर की है। यहां रहने वाले डॉ. रामहित शर्मा के बेटे हर्ष बरुआ को एक व्यक्ति ने “नुवामा VIP परामर्श क्लब” के नाम से संपर्क किया। आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश कराने वाला विशेषज्ञ बताया।
आरोपी ने हर्ष को अपने क्लब से जोड़ते हुए दावा किया कि उसके जरिए निवेश करने पर सामान्य निवेश से कई गुना, यहां तक कि 800% तक मुनाफा मिल सकता है। झांसे में आकर हर्ष बरुआ ने 21 अगस्त से 15 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 36.66 लाख रुपए निवेश कर दिए।
जब हर्ष ने मुनाफे के साथ अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और संपर्क भी तोड़ दिया। ठगी का अहसास होने पर हर्ष बरुआ ने थाटीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि “नुवामा VIP परामर्श क्लब” असल में कहां संचालित हो रहा है और इसका संचालक कौन है।
थाटीपुर थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
