सेगांव में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां तेज: दूसरी बैठक में जिम्मेदारियां बांटीं; अनोखे अंदाज में निकलेगी पालकी यात्रा – Barwani News

सेगांव में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां तेज:  दूसरी बैठक में जिम्मेदारियां बांटीं; अनोखे अंदाज में निकलेगी पालकी यात्रा – Barwani News




बड़वानी के सेगांव स्थित संकट मोचन तीर्थ श्री हनुमान टेकड़ी में आगामी श्री हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस पर्व को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए शुक्रवार रात 10.30 बजे आयोजन समिति की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक धूमधाम और अनोखे अंदाज में मनाया जाएगा। नगर भ्रमण और भव्य पालकी यात्रा को आकर्षक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हनुमानजी की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी आयोजन की शुरुआत 31 मार्च, मंगलवार को रात्रि 8 बजे से सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ होगी। सुंदरकांड मंडल की ओर से भक्ति रस की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद 01 अप्रैल बुधवार को सायं 4:30 बजे श्रीराम कृष्ण मंदिर, इंद्रभवन झंडा चौक से भगवान श्री हनुमानजी महाराज की नगर भ्रमण और भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। महाआरती और हवन का किया जाएगा मुख्य आयोजन 02 अप्रैल गुरुवार को होगा। यह प्रातः 4 बजे अभिषेक के साथ प्रारंभ होगा। सुबह 8 बजे से जन्मोत्सव, महाआरती और हवन का आयोजन किया जाएगा। सायं 6 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा, जो प्रभु इच्छा तक जारी रहेगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार और इष्ट मित्रों सहित कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।



Source link