मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में शनिवार को एक घर में खड़े ट्रैक्टर में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। यह घटना ग्राम पंचायत खरमसेड़ा बरतोना गांव के शिवपुर टोला में हुई। जानकारी के अनुसार, गुरु प्रसाद पटेल के कच्चे मकान में ट्रैक्टर खड़ा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग लगने का प्राथमिक कारण ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। अमरपाटन, न्यू देवराज नगर और रामनगर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग बुझने तक ट्रैक्टर और मकान का एक हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल, घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Source link